रांची, खूंटी, हजारीबाग सहित कई जिलों में बारिश के आसार, गुमला में रिकॉर्ड हुआ सबसे कम न्यूनतम तापमान...
Jharkhand Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर भारत में हो रही बारिश बर्फबारी के कारण इसका असर झारखंड पर भी पड़ रहा है. सुबह में कुहासा और इसके बाद आकाश में आंशिक बादल छाए रहे. शनिवार की सुबह में कुहासा और बाद में आंशिक बादल छाए रहेंगे. मौसम शुष्क रहेगा.
वहीं, पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस गुमला में दर्ज किया गया. गुरुवार से ही आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं. रांची कांके सहित कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का सबसे ज्यादा असर राज्य के मध्य और दक्षिणी जिलों में देखने को मिलेगा. इनमें राजधानी रांची, खूंटी, हजारीबाग, रामगढ़ के साथ-साथ दक्षिणी हिस्से के जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं.
विशेषकर जमशेदपुर और सरायकेला जैसे इलाकों में जहां फरवरी में ही मई-जून जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है, वहां यह बारिश लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगी. आंशिक बादलों के कारण दोपहर की चिलचिलाती धूप से भी थोड़ी निजात मिलने की उम्मीद है.
बारिश से पहले, यानी 21 से 23 फरवरी के बीच राज्य के लोगों को कड़ाके की धूप और हल्की गर्म हवाओं का सामना करना होगा.
दक्षिणी जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास रहेगा. वहीं, राज्य के वे जिले जो आमतौर पर ठंडे माने जाते हैं जैसे पलामू, लातेहार, लोहरदगा, चतरा और गढ़वा वहां भी पारे में तेजी से उछाल देखा जा रहा है.
इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान जो पहले 10 डिग्री से नीचे था, अब बढ़कर 13 डिग्री तक पहुंच गया है, वहीं अधिकतम तापमान भी 31 डिग्री को पार कर चुका है.