Alert! झारखंड में आज भी वज्रपात का खतरा, 8 लोगों की जा चुकी है जान..IMD ने जारी किया आज भी YELLOW ALERT
Jharkhand Weather Update: झारखंड में मौसम का कहर लगातार जारी है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं. सबसे अधिक प्रभावित जिलों में रामगढ़, गिरिडीह, खूंटी, देवघर, धनबाद और साहिबगंज शामिल हैं.
घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. वहीं राजधानी रांची में 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवा के कारण सर्कुलर रोड, कोकर आदि इलाके में कई पेड़ उखड़ गए. टहनियां टूट गईं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित रही. हालांकि बिजली विभाग ने तुरंत अभियान चलाकर तकनीकी खराबी दुरुस्त की और आपूर्ति बहाल की. इधर कोकर में एक स्कूली वैन के पास पेड़ और पोल गिरा, जिससे वैन में बैठे बच्चे बाल-बाल बच गए.
गुरुवार को सबसे अधिक बारिश 33 मिमी बहरागोड़ा में हुई, जबकि रांची में एक मिमी बारिश हुई. मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान गुरुवार को 40 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं रांची का अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री रहा, जिसमें पिछले 24 घंटे में 1.7 डिग्री सेल्सियस की कमी आई.
आज ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 26 जून को गढ़वा, पलामू और चतरा में लू की स्थिति बनी रहेगी. जबकि रांची सहित अन्य जिलों में आसमान में बादल छाये रहेंगे, मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ तेज हवा और बारिश हो सकती है. मौसम विज्ञान केंद्र ने इन जिलों में पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है.
गुरुवार को वज्रपात से आठ लोगों की मौत हो गई. जिनमें रांची में एक, पलामू में तीन, लोहरदगा में एक, चतरा में दो और कोडरमा एक की मौत हुई है. मरने वालों में अधिकतर ग्रामीण हैं. रांची में इटकी के टिकराटोली गांव में दोपहर एक बजे वज्रपात से रउफ अंसारी की मौत हो गई.
वज्रपात से आठ की मौत
गुरुवार शाम करीब 6: 30 बजे पाटन (पलामू) के किसैनी गांव में वज्रपात से घर के बगल में कामेश पाल (52) की मौत हो गई. पांकी की दूब पंचायत स्थित उक्सू गांव में चिंता कुंवर (60) और गोंगो गांव में अनेश कुमार (12) की मौत हो गई. इधर चतरा के मयूरहंड स्थित दो अलग-अलग गांवों में वज्रपात की घटना घटी. जिसमें सेवाल करमा गांव निवासी सहदेव ठाकुर (50) और महुगाई गांव निवासी सकलदेव सिंह की पत्नी सरोज देवी (44) की मौत हो गई. कोडरमा जिला मुख्यालय में तेज बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान फुलवरिया निवासी सोनी कुमारी (26) के रूप में हुई है. लोहरदगा हेसाग पंचायत स्थित बटरू गांव में वज्रपात से जितेंद्र खेरवार की पुत्री नीलम की मौत हो गई, जबकि एक बालक का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.