झारखंड में एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, कर्मचारियों की सभी मांगों पर बनी सहमति
Ranchi: झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर पिछले पांच दिनों से जारी कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को समाप्त हो गई। स्वास्थ्य विभाग, सम्मान फाउंडेशन और झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के बीच हुई त्रिपक्षीय वार्ता में कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई है। समझौते के तहत दो महीने का बकाया वेतन अगले 48 घंटे में भुगतान किया जाएगा। वहीं, वर्तमान संचालन कंपनी सम्मान फाउंडेशन को दो महीने के भीतर हटाने का फैसला लिया गया है।
48 घंटे में मिलेगा बकाया वेतन, 30 दिनों में होगी जांच
नामकुम स्थित स्वास्थ्य मुख्यालय के आरसीएच सभागार में हुई बैठक में कर्मचारियों के वेतन, ईपीएफ और ईएसआईसी से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। तय किया गया कि फरवरी 2025 से अब तक वेतन और ईपीएफ-ईएसआईसी में हुई कटौती की जांच कर 30 दिनों के भीतर बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
कंपनी मनमाने तरीके से नहीं कर सकेगी कर्मचारियों को बाहर
समझौते के तहत अब कंपनी अपनी मर्जी से किसी कर्मचारी को नौकरी से नहीं निकाल सकेगी। किसी कर्मचारी के खिलाफ शिकायत मिलने पर राज्य एनएचएम टीम, संबंधित जिले के सिविल सर्जन और कर्मचारी संघ की सहभागिता में जांच होगी। जांच में दोषी पाए जाने पर ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नई कंपनी में पुराने कर्मचारियों को मिलेगी प्राथमिकता
सम्मान फाउंडेशन को हटाने के बाद जब नई कंपनी का चयन होगा, तब वर्तमान में काम कर रहे कर्मचारियों को नौकरी में दोबारा शामिल करने में पहली प्राथमिकता दी जाएगी। इससे कंपनी बदलने के दौरान कर्मचारियों की नौकरी पर संकट आने की आशंका कम होगी।
EPF, ESIC, बीमा और बोनस की भी मिलेगी सुविधा
बैठक में कर्मचारियों को न्यूनतम मजदूरी, समय पर वेतन, ईपीएफ, ईएसआईसी, अवकाश, जीवन बीमा और बोनस जैसी सुविधाएं देने पर सहमति बनी है। वेतन भुगतान में पारदर्शिता के लिए एस्क्रो अकाउंट बनाया जाएगा। साथ ही सभी एंबुलेंस में बायोमेट्रिक डिवाइस लगाए जाएंगे।
एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय के तहत एंबुलेंस खराब रहने या कर्मचारियों को केस नहीं मिलने की स्थिति में उनका वेतन नहीं काटा जाएगा। कंपनी एनएचएम की अनुमति के बिना नए कर्मचारियों की नियुक्ति भी नहीं कर सकेगी।
समझौते के बाद खत्म हुआ आंदोलन
झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि त्रिपक्षीय वार्ता में कर्मचारियों की सभी प्रमुख मांगों पर सहमति बनी है। कर्मचारियों के हित में लिए गए फैसलों के बाद हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
हड़ताल खत्म होने से राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा फिर से सामान्य होने की उम्मीद है। अब कर्मचारियों की नजर समझौते के तहत तय समयसीमा में वेतन भुगतान और कंपनी बदलने की प्रक्रिया पूरी होने पर रहेगी।