धुंध और कोहरे के बीच झारखंड क लोगों को ठंड से राहत की उम्मीद...मौसम विभाग का अनुमान अगले चार दिनों में 2 से 4 तापमान बढ़ने की उम्मीद
Jharkhand Desk: झारखंड में ठंड से बड़ी राहत मिलने की संभावना है. क्योंकि मौसम विभाग ने अगले दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री बढ़ोतरी की संभावना जतायी है. इस दौरान सुबह में कोहरा या धुंध छाया रहेगा. इसके बाद आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे. रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो 2 दिसंबर की मौसम इसी तरह बना रहेगा. अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो सबसे अधिक तापमान गोड्डा में 31.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 07.7 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया. पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहा. वहीं, राजधानी रांची की बात करें तो अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस रहा. उसी तरह जमशेदपुर का अधिकतम पारा 26.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम पारा 12.2 डिग्री, डाल्टेनगंज में अधिकतम 26.8 और न्यूनतम 8.0 डिग्री सेल्सियस रहा.
झारखंड के मध्य और पश्चिम भाग के कुल 13 जिलों में लगातार पारा गिर रहा है. इस कारण ये जिले फिलहाल शीतलहरी के चपेट में आ गये हैं. 13 जिलों में रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार शामिल हैं. अभी सुबह में धुंध और दिन में आंशिक तौर पर बादल छाये रहने का दौर लगातार चलता रहेगा. शाम होते ही तापमान में कमी आयेगी. 30 नवंबर (रविवार) को सुबह में कोहरा व दिन में बादल छाये रहेंगे, जबकि शाम में ठंड के साथ कुहासा गिरने की संभावना है. लेकिन अगले 4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है.