अवैध संबंधों से नाराज पत्नी ने कर दी पति की ह*त्या, तीन बच्चों के साथ फरार हुई महिला गिरिडीह से गिरफ्तार
सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में हुई एक व्यक्ति की हत्या के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस घटना में मृतक की पत्नी पूजा कुमारी (29 वर्ष) को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया गया है। जिले के पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने प्रेस वार्ता कर इस मामले की जानकारी दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक राजेश कुमार महथा का एक अन्य महिला से अवैध रिश्ता था। इस कारण पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते 15 जुलाई को पूजा कुमारी ने अपने पति की हत्या कर दी। दोनों किराए के मकान में गौरांग चंद्रमुखी के घर में रहते थे, जो धीरजगंज मैदान के पास स्थित है। मूल रूप से ये परिवार गिरिडीह जिले के धनबाद क्षेत्र का निवासी था।
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद पूजा कुमारी अपने तीन बच्चों को लेकर मौके से फरार हो गई थी। सरायकेला पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए महिला को गिरिडीह से गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले की जांच मृतक के बड़े भाई उमेश महथा द्वारा दर्ज कराए गए लिखित आवेदन के आधार पर शुरू की गई थी। इसके बाद सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। इस टीम में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार सेन, सुषमा कुजूर, सुधांशु कुमार, सुरेश राम और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।