तीन राज्यों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर अर्जुन मुंडा ने कार्यकर्ताओं संग मनाया जश्न, कहा- यह कड़े संघर्ष और अटूट राष्ट्रभक्ति का प्रतिफल
Saraikela: पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के प्रदर्शन से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने खरसावां के चांदनी चौक पर भव्य विजय उत्सव मनाया. पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को लड्डू व झालमुड़ी खिलाकर खुशियां साझा की.
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि पश्चिम बंगाल के परिणाम केवल चुनावी आंकड़े नहीं, बल्कि वर्षों के कड़े संघर्ष और अटूट राष्ट्रभक्ति का प्रतिफल है. उन्होंने बंगाल की पावन धरती को बलिदान और संस्कृति की भूमि बताते हुए कहा कि यह जीत उन असंख्य कार्यकर्ताओं को समर्पित है जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी. मुंडा ने आगे कहा कि असम और पुडुचेरी में भाजपा को मिला पुनः जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकासवादी राजनीति पर जनता की अटूट मुहर है.
अर्जुन मुंडा ने जीत का श्रेय केंद्रीय नेतृत्व को देते हुए अमित शाह की कुशल रणनीति और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अथक परिश्रम की सराहना की. उन्होंने कहा कि 2021 के संघर्षों ने ही आज इस बदलाव की मजबूत नींव रखी है.
जश्न में ये रहे शामिल
जश्न के दौरान जय श्री राम के नारों और ढोल नगाड़ों की गूंज के बीच भारी संख्या में नेता उपस्थित रहे. मुख्य रूप से उदय सिंहदेव, विजय महतो, प्रदीप सिंहदेव, अमित सिंह बॉबी (पूर्व डिप्टी मेयर, आदित्यपुर), सुधीर मंडल, और निरंजन तांती ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. इनके अलावा प्रदीप प्रधान, पोरेश प्रधान, नयन नायक, भूपेंद्र सिहदेव, विवेकानंद प्रधान, लखीराम मुंडा, विसकंठ प्रधान, विश्वजीत प्रधान, होपना सोरेन, समीर नायक, अखिलेश महतो, सत्येंद्र कुम्हार और डुमू गोप सहित कई अन्य सक्रिय कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने.