घायल सहायक पुलिसकर्मियों से अस्पताल पहुंचे असम मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, राज्य सरकार पर साधा निशाना 

 
घायल सहायक पुलिसकर्मियों से अस्पताल पहुंचे असम मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, राज्य सरकार पर जमकर साधा निशाना

असम के मुख्यमंत्री और झारखंड विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने मोरहाबादी मैदान में आंदोलन के दौरान लाठीचार्ज में घायल हुए सभी सहायक पुलिसकर्मियों से मुलाकात की। उन्होंने रिम्स पहुंचकर घायल सभी सहायक पुलिसकर्मियों और जिला पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना। ज्ञात हो कि 19 जुलाई की शाम को इन सहायक पुलिसकर्मियों पर लाठीचार्ज हुआ था, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

शुक्रवार यानी 19 जुलाई को हुए इस लाठीचार्ज पर हिमंता बिस्वा सरमा ने झारखंड सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि सहायक पुलिसकर्मियों पर लाठीचार्ज से यह स्पष्ट है कि राज्य सरकार अपने ही वादे को पूरा करने में विफल हो रही है। सरमा ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन ने चुनाव से पहले सहायक पुलिसकर्मियों को नियमित करने का भरोसा दिलाया था, लेकिन अब वे अपने वादे से मुकर रहे हैं।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हिमंता बिस्वा सरमा वर्तमान में झारखंड दौरे पर हैं। वे 19 जुलाई को रांची पहुंचे थे, जहां उन्होंने धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में आयोजित एक दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय कृषि और विधानसभा चुनाव के प्रभारी शिवराज सिंह चौहान सहित पार्टी के अन्य दिग्गज नेता भी उपस्थित थे।