मारपीट कर गला घोंट डाला, बरामदे में बिखरी थी टूटी चूड़ियां, संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत मौके से पति फरार

Koderma: इस बीच 17 मार्च की शाम करीब 5 बजे ससुराल से फोन आता है कि आपकी बेटी की तबीयत खराब हो गई है, आप जल्द से जल्द कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचे और मेरे सदर अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि बेटी की मौत हो चुकी है. हालांकि जब मैंने जांच पड़ताल की तो जिस कमरे में बेटी द्वारा आत्महत्या की बात मुझे बताई गई थी, उस कमरे में कुछ बरामद नहीं हुआ है.
 

Koderma: जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र के मसमोहना गांव में एक विवाहिता की मौत हो गई. मृतक की पहचान 25 वर्षीय मनीषा सिंह के रूप में हुई है. मृतक के मायके वालों ने इसे हत्या करार दिया है. मृतक के पिता ने बताया कि उनकी बेटी के साथ उसके ससुराल वाले लगातार अभद्र व्यवहार करते थे, जिससे उनकी पुत्री लगातार परेशान रहती थी. 2 दिन पहले यानी 16 मार्च को उनकी बेटी से बात हुई थी, इस दौरान उन्होंने अपने पिता को अपने ऊपर हो रहे अत्याचार की आपबीती सुनाई थी, जिस पर उन्होंने अपनी बेटी को सबकुछ ठीक करने का आश्वासन दिया था.

लेकिन इसी बीच 17 मार्च को बेटी का तीन से चार बार फोन आया और उसने बताया कि उसका पति फिर से उसके साथ विवाद कर रहा है. जिस पर मैंने दामाद से बात की तो उसने कहा कि आपकी बेटी मुझे परेशान कर रही है, जिस पर मैंने उन्हें समझाया कि मैं आता हूं और बात करता हूं.

इस बीच 17 मार्च की शाम करीब 5 बजे ससुराल से फोन आता है कि आपकी बेटी की तबीयत खराब हो गई है, आप जल्द से जल्द कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचे और मेरे सदर अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि बेटी की मौत हो चुकी है. हालांकि जब मैंने जांच पड़ताल की तो जिस कमरे में बेटी द्वारा आत्महत्या की बात मुझे बताई गई थी, उस कमरे में कुछ बरामद नहीं हुआ है.

इसके बाद जब हमने मनीषा के ससुराल के बाकी कमरों की छानबीन की तो इस दौरान उसके घर के बरामदे में उसके हाथों की चूड़ियां जमीन पर टूटी एवं बिखरी हुई मिली थी, जिससे हमें संदेह हुआ कि हमारी बेटी के साथ ससुराल वालों ने मारपीट की है और हमें पूरा यकीन है कि उन लोगों ने मेरी पुत्री के साथ मारपीट कर उसका गला घोंटकर उसकी हत्या की है. मृतक के पिता ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. इधर, घटना के बाद से मृतक का पति अबोध सिंह घर से फरार है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हैं.

2023 में हुई थी शादी

मृतक के पिता चंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री मनीषा का विवाह 2023 में मसमोहना निवासी अबोध सिंह के साथ झारखंड धाम में पूरे धूमधाम से हिंदू रीति रिवाज के साथ किया था. शादी के बाद सबकुछ ठीक-ठाक था. शादी के 1 साल बाद उनकी पुत्री ने एक बेटी को जन्म दिया और घर में सब कुछ सामान्य था. इधर बीते 1 साल से उनके दामाद अबोध सिंह, उनके परिजन और उनकी पुत्री मनीषा के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर बहस होती रहती थी.

यह आत्महत्या है या हत्या यह तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा लेकिन अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई आवेदन नहीं मिला है, जैसे ही आवेदन प्राप्त होगा. आवश्यक कार्रवाई की जाएगी: सुमन कुमार, थाना प्रभारी, नवलशाही