ATF का बड़ा खुलासा: पाकिस्तान से अमन साव गैंग तक हथियार सप्लाई का खुलासा, ड्रोन से गिराए जाते थे बंदूक और ड्रग्स
Jharkhand: झारखंड एटीएस ने अमन साव गैंग के हथियार तस्करी नेटवर्क का बड़ा पर्दाफाश किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह तक हथियार सीधे पाकिस्तान से पहुंचते थे और हवाला चैनल के जरिए पैसे वहां के हथियार डीलरों तक भेजे जाते थे।
दरअसल, अजरबैजान से पकड़े गए कुख्यात गैंगस्टर सुनील मीणा उर्फ मयंक सिंह से पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है। मयंक लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग के बीच हथियार सप्लाई की अहम कड़ी था।
ड्रोन से आते थे हथियार, सड़क मार्ग से पहुंचते थे झारखंड
पूछताछ में मयंक ने बताया कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब में हथियार और ड्रग्स गिराए जाते थे। इसके बाद पंजाब के हथियार तस्कर इन्हें सड़क मार्ग से झारखंड भेजते थे। मयंक का कहना है कि वह लॉरेंस और अमन दोनों गिरोहों को हथियार उपलब्ध कराता था।
रांची गोलीकांड में इस्तेमाल हुआ पाकिस्तान का हथियार
एटीएस जांच में यह भी सामने आया है कि रांची के कोयला कारोबारी विपिन मिश्रा पर फायरिंग में पाकिस्तान से आया हथियार इस्तेमाल किया गया था। बताया गया कि पाकिस्तान से 15 हथियारों का एक कंसाइनमेंट आया था, जिसमें से एक हथियार का इस्तेमाल इस हमले में हुआ।
विदेशों में फैला लॉरेंस गैंग का नेटवर्क
पूछताछ में मयंक ने यूरोप, मलेशिया और थाईलैंड में बैठे लॉरेंस गैंग के कई गुर्गों के नाम भी एटीएस को बताए हैं। एटीएस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़कर आगे की जांच में जुटी है।