झारखंड की राजधानी रांची में टोल प्लाजा पर हमला, टोल स्टाफ पर जानलेवा वार, सरकारी संपत्ति को भी नुकसान
Ranchi: रांची के मांडर थाना क्षेत्र में स्थित टोल प्लाजा पर 13 अप्रैल 2026 की रात करीब 9 बजे अचानक बड़ा विवाद और बवाल हो गया। लगभग 30-40 लोग अलग-अलग गाड़ियों में टोल प्लाजा पहुंचे और टोल लाइन को तोड़कर परिसर में घुस आए. जब वहां के कर्मियों ने रोकने की कोशिश की, तो भीड़ ने टोल मैनेजर और अन्य कर्मचारियों पर हमला कर दिया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. टोल प्लाजा के मैनजर सहित कई कर्मियों को बेरहमी से पीटा गया है, जिसमें कई लोग घायल हो गए हैं. मारपीट की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है. यह घटना सोमवार देर रात की है.
सोमवार रात मांडर का टोल प्लाजा रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. मामूली विवाद के बाद बारात जा रहे 50-60 की संख्या में उपद्रवियों ने टोल प्लाजा पर हमला बोल दिया. इतना ही नहीं बारात में शामिल बारातियों ने टोल के मैनेजर सहित कई कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा भी. टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरे में मारपीट और पूरे बवाल की तस्वीर कैद हुई है.
मांडर टोल प्लाजा के मैनेजर ने बताया कि शादी समारोह में जा रहे लोग नियमों को दरकिनार करते हुए गलत दिशा से जाने की कोशिश कर रहे थे. जिस रास्ते से बाइक और ऑटो जाते हैं, उसी रास्ते से ये लोग निकलना चाह रहे थे. यह देख वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड ने जब उन्हें रोका तो बारातियों ने टोल कर्मियों पर हमला कर दिया.
इस दौरान आधा दर्जन से अधिक टोल कर्मियों की पिटाई की गई. बारात में शामिल लोगों ने ड्यूटी पर तैनात महिला कर्मियों के साथ भी मारपीट की. इस दौरान कुछ लोगों के द्वारा टोल पर पत्थरबाजी भी की गई. घटना के बाद घायल टोल कर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया. वहीं, टोल कर्मियों के द्वारा मांडर थाना में एफआईआर दर्ज करवाई गई. जिसके बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कारवाई शुरू कर दी है.
वहीं, दूसरी तरफ मांडर पुलिस बारात में शामिल उपद्रवियों को चिन्हित कर उनपर कारवाई करने में जुट गई है. रांची के ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि टोल प्लाजा पर हमला हुआ है. मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है.