जमशेदपुर में दिनदहाड़े बैंक डकैती! 42 लाख से ज्यादा कैश और सोना लूटकर फरार हुए बदमाश
Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर में गुरुवार सुबह हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक की है, जहां करीब 5 से 6 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने बैंककर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद बैंक के चेस्ट से 42 लाख रुपये से अधिक नकद और लॉकर में रखे कीमती स्वर्णाभूषण लूटकर फरार हो गए।
घटना सुबह करीब 9:15 बजे की बताई जा रही है। उस वक्त बैंक हाल ही में खुला था और परिसर में सफाई का काम चल रहा था। अचानक हथियारों से लैस अपराधियों के बैंक में घुसने से कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
रेनकोट पहनकर बैंक में दाखिल हुए अपराधी
बैंक के सुरक्षा गार्ड संतोष कुमार के अनुसार, सभी अपराधी बारिश के बीच रेनकोट पहनकर बैंक में दाखिल हुए थे। रेनकोट और उसके हुड की वजह से उनके चेहरे काफी हद तक ढके हुए थे, जिससे पहचान छिपाने में उन्हें मदद मिली।
बैंक में प्रवेश करते ही अपराधियों ने हथियार के बल पर बैंककर्मियों को अपने कब्जे में ले लिया। गार्ड संतोष कुमार ने जब बदमाशों का विरोध करने की कोशिश की, तो अपराधियों ने बंदूक की बट से उनके साथ मारपीट की। घटना में गार्ड घायल हो गए।
गन प्वाइंट पर मैनेजर से खुलवाया चेस्ट
बैंककर्मियों को कब्जे में लेने के बाद अपराधी सीधे बैंक मैनेजर अजीत कुमार के चैंबर में पहुंचे। हथियार के बल पर मैनेजर को धमकाया गया और उनसे बैंक का चेस्ट खुलवाया गया।
चेस्ट खुलने के बाद अपराधियों ने उसमें रखे 42 लाख रुपये से अधिक नकद निकाल लिए। इसके अलावा बैंक के लॉकर में रखे काफी मात्रा में स्वर्णाभूषण भी अपराधियों ने अपने कब्जे में ले लिए।
पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बैंक से बाहर निकले और दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
दिनदहाड़े बैंक में डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ग्रामीण एसपी, डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
पुलिस बैंक के अंदर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। फिलहाल लूटे गए स्वर्णाभूषणों की कुल कीमत और अपराधियों की पहचान से संबंधित विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
दिनदहाड़े वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
बैंक खुलने के कुछ ही देर बाद हथियारबंद अपराधियों द्वारा इस तरह की वारदात को अंजाम दिए जाने से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधियों ने बैंक की रेकी कब और कैसे की थी तथा उन्हें बैंक में मौजूद नकदी और लॉकर से जुड़ी जानकारी कैसे मिली।