धनबाद के मैथन क्षेत्र में मधुमक्खियों का कहर, बच्चों और राहगीरों पर अचानक हमला, कई जख्मी
Dhanbad: मैथन में अचानक उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मधुमक्खियों का एक बड़ा झुंड उग्र होकर लोगों पर टूट पड़ा. यह घटना बीएसके कॉलेज से मैथन जाने वाले मुख्य मार्ग पर, डीवीसी मेंटेनेंस के पास स्थित एक फल दुकान के समीप हुई.
घटना अचानक हुई, जिससे राहगीरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. कुछ ही पलों में स्कूली बच्चे, स्थानीय लोग और वहां से गुजर रहे यात्री मधुमक्खियों के हमले की चपेट में आ गए. डंक से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे, जिससे सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किसी कारण से मधुमक्खियों का झुंड आक्रामक हो गया और सड़क से गुजर रहे लोगों को निशाना बनाने लगा. लगातार डंक मारने से कई लोग घायल हो गए और कुछ देर तक स्थिति बेहद भयावह बनी रही. इसी बीच स्थानीय समाजसेवी रंजीत महतो ने सूझबूझ से राहत कार्य संभाला.
उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को वैकल्पिक रास्तों से सुरक्षित निकालने में अहम भूमिका निभाई. स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर की गई इस पहल से बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल मैथन के बीपी नियोगी अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल के कंपाउंडर एम. कुमार के अनुसार, मधुमक्खियों के हमले में कई लोग घायल हुए हैं. सभी का प्राथमिक उपचार किया गया है, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने के कारण उसे भर्ती कर इलाज जारी रखा गया है.