पलामू में बड़ा हादसा! बटाने नदी में डूबे बिहार के 3 दोस्त, 36 घंटे बाद मिला दूसरा शव
Palamu: झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में बटाने नदी में डूबे तीन दोस्तों में से तीसरे युवक का शव भी सोमवार को बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान टेनी के रूप में हुई है। तीनों युवक बिहार के औरंगाबाद जिले के मिनी बीघा गांव के रहने वाले थे और शनिवार को पिकनिक मनाने के लिए बटाने नदी पहुंचे थे।
हादसे के बाद शनिवार को ही ग्रामीणों ने राजेंद्र साव को बेहोशी की हालत में नदी से बाहर निकाल लिया था। इसके बाद पुलिस की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। राजेंद्र की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।
रविवार को मिला था रितिक का शव
हादसे में लापता हुए दूसरे युवक रितिक का शव रविवार को बटाने पुल के पास से बरामद किया गया था। वहीं, तीसरे युवक टेनी की तलाश लगातार जारी थी। सोमवार को हरिहरगंज के सियरभूंका इलाके में बटाने नदी से उसका शव बरामद किया गया।
शव मिलने के बाद मृतक की पहचान टेनी के रूप में की गई। पुलिस ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
NDRF की टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलने के बाद पलामू पुलिस ने रविवार को NDRF और SDRF को मामले की जानकारी दी थी। सोमवार को NDRF की टीम मौके पर पहुंची और नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया। इसी अभियान के दौरान तीसरे युवक टेनी का शव नदी से बाहर निकाला गया।
हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि बटाने नदी से एक और शव बरामद किया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
नहाने के दौरान नदी में डूबे थे तीनों दोस्त
जानकारी के अनुसार, शनिवार को राजेंद्र साव, रितिक और टेनी पिकनिक मनाने के लिए पलामू के हरिहरगंज स्थित बटाने नदी पहुंचे थे। तीनों दोस्त नदी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
ग्रामीणों ने किसी तरह राजेंद्र को नदी से बाहर निकाल लिया था। उस समय वह बेहोशी की हालत में था। पुलिस की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां से बाद में बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
वहीं, रितिक और टेनी की तलाश के लिए पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने अभियान चलाया। रविवार को रितिक और सोमवार को टेनी का शव बरामद होने के बाद हादसे में लापता दोनों युवकों की तलाश पूरी हो गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।