पूर्वी सिंहभूम में बड़ी कार्रवाई : राशन कार्ड लिस्ट से बाहर हुए 73,090 नाम, अब सिर्फ असली हकदारों को मिलेगा अनाज
Jamshedpur: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में अपात्र राशन कार्डधारियों की पहचान और नाम काटने की बड़ी कार्रवाई चल रही है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फिकार अंसारी ने जानकारी दी कि अब तक 73,090 लोगों के नाम राशन कार्ड सूची से हटाए जा चुके हैं।
संदिग्ध आधार प्रविष्टियों पर सख्ती
रिपोर्ट के मुताबिक ग्रामीण और शहरी इलाकों में 22,975 संदिग्ध आधार प्रविष्टियां पाई गई थीं। इनमें से 20,067 नाम हटा दिए गए हैं, जबकि 2,746 का सत्यापन अभी जारी है।
उम्र और एकल सदस्य कार्डधारियों की जांच
18 साल से कम और 100 साल से ज्यादा उम्र वाले 16,399 एकल सदस्य राशन कार्डधारियों की भी जांच हुई। इसमें से 2,274 नाम डिलीट, 793 सही पाए गए, जबकि 13,332 मामले जांच अधीन हैं।
6 माह से राशन न उठाने वाले सबसे ज्यादा
सबसे बड़ा आंकड़ा उन कार्डधारियों का है जिन्होंने छह महीने या उससे ज्यादा समय से राशन नहीं उठाया। ऐसे 1,64,237 लोग चिन्हित हुए, जिनमें से 50,323 नाम हटा दिए गए हैं।
• जमशेदपुर शहरी क्षेत्र : 68,565
• गोलमुरी-कम-जुगसलाई क्षेत्र : 46,703
यानी सिर्फ इन दोनों जगहों से सबसे ज्यादा मौन राशन कार्डधारी सामने आए।
डुप्लीकेट लाभुकों की भी पहचान
जिले में 25,321 डुप्लीकेट कार्डधारी मिले। अब तक 426 नाम हटाए जा चुके, 4009 सही पाए गए, जबकि बाकी 20,886 मामलों की जांच जारी है।
प्रशासन का सख्त संदेश
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि इस कार्रवाई का मकसद है कि सिर्फ वास्तविक पात्र परिवारों को खाद्यान्न मिले। उन्होंने सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि लंबित जांच को जल्द पूरा किया जाए और अपात्रों को सूची से हटाया जाए।