IAS ट्रांसफर लिस्ट में बड़ी गड़बड़ी, टाइपिंग एरर के बाद सरकार ने बदली दो अधिकारियों की पोस्टिंग
Ranchi: पिछले दिनों झारखंड कैडर के 36 आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर पोस्टिंग से जुड़ी अधिसूचना जारी होने के बाद टाइपिंग एरर का हवाला देते हुए दो आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारी बदलते हुए नई अधिसूचना जारी की गई है. इनमें 2015 बैच के नीरज कुमार सिंह और 2015 बैच की जाधव विजया नारायण राव का नाम शामिल है.
इसके साथ ही 2012 बैच के अजय नाथ झा और 2018 बैच की समीरा एस को वर्तमान जिम्मेदारियों के अलावा अतिरिक्त प्रभार दिए गए हैं. इसके अलावा 2013 बैच के आदित्य कुमार आनंद को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.
नीरज कुमार सिंह की जगह संदीप सिंह बने उत्पाद आयुक्त
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की संशोधित अधिसूचना के मुताबिक, नीरज कुमार सिंह को अपर सचिव, उद्योग विभाग से स्थानांतरित करते हुए उत्पाद आयुक्त के स्थान पर अपर सचिव, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा नीरज सिंह के पास झारखंड राज्य विभरेजेज कॉर्पोरेशन के प्रबंधन निदेशक का भी अतिरिक्त प्रभार रहेगा जबकि श्रमायुक्त संदीप सिंह के पास उत्पाद आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार रहेगा.
जाधव विजया की योजना एवं विकास विभाग में पोस्टिंग
इसी तरह जाधव विजया नारायण राव को निदेशक, पर्यटन विभाग के पद से हटाकर अपर सचिव, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग में पोस्टिंग की गई थी लेकिन इसको संशोधित करते हुए अपर सचिव, योजना एवं विकास विभाग के पद पर पोस्टिंग की गई है. वहीं स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की संयुक्त सचिव समीरा एस को मध्याह्न भोजन प्राधिकार के अतिरिक्त निदेशक का भी प्रभार दिया गया है.
आदित्य कुमार आनंद को भेजा गया श्रम विभाग
खास बात है कि नई सूची में 2013 बैच के आईएएस आदित्य कुमार आनंद को भी शामिल किया गया है. इनको श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है, साथ ही नियोजन एवं प्रशिक्षण झारखंड के निदेशक का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. पूर्व में आदित्य कुमार आनंद निदेशक, पशुपालन के पद पर थे.