वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा अपडेट! घर नहीं मिले तो BLO भेजेंगे WhatsApp मैसेज
Ranchi: झारखंड में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के बीच निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपने विवरण की जांच करने की अपील की है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने पात्र भारतीय नागरिकों से अपने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता और अन्य जानकारियों का सत्यापन कराने को कहा है।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के विवरण की जांच कर रहे हैं। लेकिन कई बार मतदाता घर पर नहीं मिलते या अनजान मोबाइल नंबर से आने वाली कॉल रिसीव नहीं करते। इससे सत्यापन की प्रक्रिया प्रभावित होती है। इस समस्या को दूर करने के लिए मतदाताओं को बीएलओ का संपर्क नंबर प्राप्त कर उसे अपने मोबाइल में सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
ECINET ऐप से ऐसे पता करें अपने BLO का नंबर
मतदाता अपने संबंधित बीएलओ का मोबाइल नंबर ECINET ऐप के जरिए प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए ऐप खोलकर बीएलओ से संपर्क करने से संबंधित विकल्प चुनना होगा। इसके बाद विधानसभा क्षेत्र और मतदान केंद्र की आवश्यक जानकारी दर्ज करने पर संबंधित बीएलओ का संपर्क नंबर मिल सकता है।
निर्वाचन विभाग का कहना है कि बीएलओ का नंबर पहले से फोन में सेव रहने पर उनकी कॉल पहचानने और समय पर जवाब देने में आसानी होगी।
‘Book a Call with BLO’ सुविधा का भी उठाएं लाभ
ECINET ऐप में ‘Book a Call with BLO’ सुविधा भी उपलब्ध है। इसके जरिए मतदाता अपनी सुविधा के अनुसार बीएलओ से संपर्क करने के लिए कॉल बुक कर सकते हैं। इससे मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने और सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराने में मदद मिल सकती है।
घर पर नहीं मिलने पर WhatsApp से संदेश भेजेंगे BLO
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बीएलओ को निर्देश दिया है कि घर पर मतदाता नहीं मिलने या फोन कॉल का जवाब नहीं मिलने की स्थिति में WhatsApp के माध्यम से वॉयस या टेक्स्ट मैसेज भेजें। संदेश में बीएलओ को अपना परिचय और संपर्क नंबर देना होगा, ताकि मतदाता उनकी पहचान कर सकें और जरूरत पड़ने पर उनसे संपर्क कर सकें।
नाम, पता और अन्य विवरणों में गलती हो तो करें संपर्क
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की पुष्टि करें और नाम, पता सहित अन्य विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करें। यदि किसी जानकारी में गलती मिलती है या संशोधन की जरूरत होती है, तो संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए मतदाताओं और बीएलओ के बीच संवाद जरूरी है। इसलिए पात्र नागरिक सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें और निर्वाचन विभाग से मिलने वाले आधिकारिक संदेशों पर ध्यान दें।