हूल दिवस की तैयारियां तेज, भाजपा ने बनाई 9 सदस्यीय आयोजन समिति
Ranchi: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हूल दिवस को भव्य और ऐतिहासिक रूप से मनाने की तैयारी शुरू कर दी है. इस अवसर पर कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए पार्टी ने 9 सदस्यीय आयोजन समिति का गठन किया है. समिति को आयोजन की रूपरेखा तैयार करने और सभी कार्यक्रमों के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके तहत प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आयोजन समिति का गठन किया है, जो 30 जून को भोगनाडीह अमर शहीद स्थल पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारी करेगी.
भाजपा नेताओं ने बताया कि हूल दिवस के अवसर पर राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों के माध्यम से सिदो-कान्हू, चांद-भैरव और फूलो-झानो सहित हूल आंदोलन के वीर सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी.
इस संबंध में प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि झारखंड के लिए इस तिथि का ऐतिहासिक महत्व है. संथाल परगना और झारखंड की भूमि, क्रांतिकारियों की वीर गाथाओं से भरी पड़ी है. सन् 1855 में 30 जून के ही दिन झारखंड के जनजातीय समुदाय द्वारा हूल क्रांति के अमर शहीद महानायक सिदो-कान्हू के नेतृत्व में अंग्रेजी सत्ता के खिलाफ विद्रोह का बिगुल फूंका गया था. चांद-भैरव, फूलो-झानो ने भी इस आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई थी.
30 जून को हर साल मनाया जाता है हूल दिवस
दमन और शोषण के खिलाफ उलगुलान का यह आदिवासियों का इतिहास आजादी की लड़ाई से पूर्व का है. 30 जून, 1855 को अंग्रेजों के खिलाफ आदिवासी समाज द्वारा फूंका गया यह बिगुल भारत का पहला स्वाधीनता संग्राम के रुप में जाना जाता है.
अमर कुमार बाउरी ने बताया कि भाजपा ऐसे तमाम महानायकों की ऋणी है और उनके बहुमूल्य योगदान के लिए समय-समय पर उनका स्मरण करती रही है. हूल दिवस को व्यापक रूप से मनाने का निर्णय उसी कड़ी का हिस्सा है. इस मौके पर पार्टी द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे और भोगनाडीह में आयोजित कार्यक्रम में संथाल समेत राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में नेता कार्यकर्ता शामिल होंगे.
आयोजन समिति में इन लोगों को मिली जगह
आयोजन समिति में पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, अमर शहीद के वंशज मंडल मुर्मू, पूर्व प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, वरिष्ठ नेता गणेश तिवारी, साहिबगंज जिला अध्यक्ष गौतम यादव, पाकुड़ जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू, महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री अनिता सोरेन एवं अनु. जनजाति मोर्चा की प्रदेश मंत्री अनिता मुर्मू को शामिल किया गया है.