बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी ने सीएम हेमंत सोरेन की विदेश यात्रा को लेकर दिया था बयान, जिस पर मंत्री इरफान अंसारी नभाजपा को दिया करारा जवाब...
Jamtara: मुख्यमंत्री का विदेश जाना और सूट पहनना भाजपा पचा नहीं पा रही है. भाजपा बौखला गई है. उन्होंने कहा कि बाबूलाल जी को भी राज्य चलाने का मौका मिला था लेकिन राज्य का बुनियादी ढांचा और खराब करके रख दिया...
Jan 26, 2026, 17:41 IST
Jamtara: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री के विदेश दौरे को लेकर भाजपा द्वारा किए जा रहे बयानबाजी पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि एक आदिवासी मुख्यमंत्री का विदेश जाना और सूट पहनना भाजपा को पच नहीं रहा है.
दरअसल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन दिनों विदेश दौरे पर हैं. इसे लेकर भाजपा द्वारा लगातार बयानबाजी की जा रही है. खासकर गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यमंत्री का राज्य में नहीं होना और ध्वजारोहण नहीं किए जाने को लेकर भाजपा ने आपत्ति जताई है.
भाजपा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य के आदिवासी मुख्यमंत्री का विदेश जाना और सूट पहनना भाजपा पचा नहीं पा रही है. भाजपा बौखला गई है. उन्होंने कहा कि बाबूलाल जी को भी राज्य चलाने का मौका मिला था लेकिन राज्य का बुनियादी ढांचा और खराब करके रख दिया.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विश्व के पैमाने पर राज्य अभी भी पीछे है. अगर मुख्यमंत्री राज्य के विकास के लिए कुछ विदेश नीति लाने के लिए गए हैं तो इसमें हर्ज क्या है. इससे भाजपा क्यों बौखला रही है. उन्होंने कहा कि इसके पहले भी कई मुख्यमंत्री गए हैं.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री करोड़ों का सूट पहनते हैं. उसपर किसी ने कोई आपत्ति नहीं जताई, लेकिन एक आदिवासी मुख्यमंत्री सूट पहनकर विदेश जाता है तो उससे भाजपा को बौखलाहट होती है.
वहीं, मंत्री इरफान अंसारी ने दिवंगत शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण दिए जाने पर भाजपा पर निशाना साधा और दिवंगत गुरुजी को अपमानित करने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि दिवंगत गुरुजी एक आंदोलनकारी नेता थे. जल, जंगल, जमीन को लेकर लड़ाई लड़ी और अलग राज्य का निर्माण कराया. ऐसे विभूति को भारत रत्न से सम्मानित करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि भाजपा कभी आदिवासी को सम्मान नहीं करना चाहती है. साल 2029 में जब कांग्रेस की सरकार बनेगी और केंद्र में राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे तब दिवंगत गुरुजी को भारत रत्न से सम्मानित करने का काम किया जाएगा.