भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी को लेकर कह दी बड़ी बात, राज्य सरकार पर भी साधा निशाना 

 

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और गोड्डा से सांसद निशिकांत दुबे शनिवार को देवघर पहुंचे। देवघर एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं से जिले की मौजूदा स्थिति पर चर्चा के बाद सांसद ने मीडिया से बात करते हुए आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी और विपक्षी नेताओं व राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।

सांसद निशिकांत दुबे ने बताया कि रविवार को वे गोड्डा से अजमेर शरीफ तक शुरू की जा रही नई ट्रेन सेवा के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। इस मौके पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि आजादी के 78 वर्षों बाद गोड्डा-पौरियाहाट रेललाइन पर एक नया हॉल्ट स्टेशन भी शुरू किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन उनके द्वारा किया जाएगा।

राहुल गांधी को बताया 'गुमराह करने वाला' नेता
सांसद दुबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों को पूरी तरह से भ्रामक और आधारहीन बताया। उन्होंने कहा, "जो व्यक्ति अपने ही परिवार की सरकारों पर पिछड़ों की अनदेखी का आरोप लगा सकता है, वह भाजपा पर आरोप लगाना तो मामूली बात समझेगा।" उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बिना तथ्यों के बयानबाजी कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।

राज्य सरकार द्वारा ‘अटल मोहल्ला क्लिनिक’ का नाम बदलकर ‘मदर टेरेसा एडवांस्ड हेल्थ क्लिनिक’ करने के निर्णय पर निशिकांत दुबे ने गहरी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी न सिर्फ देश के गौरव थे, बल्कि झारखंड के गठन में भी उनकी अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा, “मदर टेरेसा का नाम सम्माननीय है, लेकिन इसके लिए अलग योजना शुरू की जानी चाहिए थी। अटल जी का नाम हटाना राजनीतिक दुर्भावना को दर्शाता है।”

हेमंत सरकार पर जेल जाने की तैयारी का आरोप
दुबे ने झारखंड की वर्तमान सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस के कई मंत्री जिस तरह से काम कर रहे हैं, उससे लगता है कि वे एक बार फिर जेल जाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने सरकार की कार्यशैली को जनता विरोधी करार देते हुए कहा कि यह सरकार सिर्फ अपने स्वार्थ के लिए काम कर रही है।