पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक के लिए रात दस बजे रांची पहुंचेंगे अमित शाह, उससे पहले मुख्यमंत्री के पहुंचने की संभावना 

 

पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की आगामी बैठक की तैयारियाँ अब अपने अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा साझा की गई ताज़ा जानकारी के अनुसार, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह विशेष विमान से 9 जुलाई की रात 10:20 बजे रांची पहुंचेंगे। उनसे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के रांची पहुँचने की संभावना है। यह अहम बैठक 10 जुलाई को होटल रेडिशन ब्लू में आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता खुद अमित शाह करेंगे।

बैठक में हिस्सा लेने के लिए बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपनी टीम के साथ मंगलवार शाम को ही रांची पहुँचेंगे, वहीं ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी रांची आगमन पर रहेंगे। पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव के बुधवार सुबह रांची पहुंचने की संभावना है। परिषद और लोकसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी पहले ही रांची पहुंच चुके हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क है। मुख्य सचिव, गृह सचिव और डीजीपी स्तर से सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है। रांची जिला प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है और महत्वपूर्ण स्थलों पर विशेष दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

अहम विषयों पर चर्चा की संभावना
गुरुवार सुबह 11 बजे से शुरू होने वाली इस बैठक में अंतरराज्यीय विवादों, कोयला कंपनियों के बकाये, और विकास योजनाओं के लंबित भुगतान जैसे मुद्दों पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी।

  • झारखंड सरकार कोयला कंपनियों पर बकाये ₹1.36 लाख करोड़ की राशि की वसूली को लेकर केंद्र पर दबाव बनाएगी।
  • बिहार के साथ साझा स्वामित्व वाली संपत्तियों, जैसे होटल अशोक और अन्य इकाइयों को झारखंड को हस्तांतरित करने की मांग उठेगी।
  • जल जीवन मिशन के अंतर्गत लंबित ₹6,000 करोड़ की राशि के भुगतान की माँग की जाएगी।
  • मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, और अन्य कल्याणकारी योजनाओं में झारखंड को मिलने वाली निधियों की भी चर्चा होगी।
  • उग्रवाद प्रभावित जिलों की संख्या को 18 से घटाकर 14 किए जाने से राज्य को हुए नुकसान की भरपाई की भी बात की जाएगी।
  • पश्चिम बंगाल के साथ सीमा विवादों और अन्य मुद्दों को सुलझाने की दिशा में भी झारखंड सरकार प्रस्ताव रखेगी।