बिजली महंगी करने के फैसले के विरोध में सड़क पर उतरी भाजपा, झारखंड भर में प्रदर्शन, रांची में JBVNL कार्यालय घेराव

Ranchi: इस मौके पर भाजपा विधायक सीपी सिंह ने राजधानी रांची में 24 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि आज हालात यह है कि बड़े अधिकारी और वीआईपी लोगों के घरों में जेनरेटर से इस चिलचिलाती गर्मी में बिजली मुहैया कराई जाती है, लेकिन आम लोग बेहद परेशान हैं. इस विषय पर विधानसभा में भी सरकार को जानकारी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद बिजली आपूर्ति में सुधार के बजाय बिजली का दर ही बढ़ा दिया गया है.
 

Ranchi: झारखंड में बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को राज्यभर में जोरदार प्रदर्शन किया. राजधानी रांची में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने JBVNL (झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड) के जीएम कार्यालय के समक्ष धरना देकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की नीतियों के कारण आम उपभोक्ताओं पर बिजली दरों का अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है. उन्होंने कहा कि महंगाई पहले से ही आम जनता की कमर तोड़ रही है और ऐसे में बिजली दरों में वृद्धि गरीब, मध्यम वर्ग, किसानों और छोटे व्यापारियों के लिए भारी परेशानी का कारण बन रही है.

राजधानी रांची के डोरंडा कुसई कॉलनी स्थित जेबीवीएनएल के महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक सीपी सिंह और मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल के नेतृत्व में धरना दिया. महानगर भाजपा द्वारा आयोजित इस एक दिवसीय धरना के जरिए बिजली की लगातार हो रही कटौती और पोस्टपेड मीटर में हो रही अनियमित बिलिंग के विरोध में लोगों ने जमकर नारेबाजी की.

इस मौके पर भाजपा विधायक सीपी सिंह ने राजधानी रांची में 24 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि आज हालात यह है कि बड़े अधिकारी और वीआईपी लोगों के घरों में जेनरेटर से इस चिलचिलाती गर्मी में बिजली मुहैया कराई जाती है, लेकिन आम लोग बेहद परेशान हैं. इस विषय पर विधानसभा में भी सरकार को जानकारी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद बिजली आपूर्ति में सुधार के बजाय बिजली का दर ही बढ़ा दिया गया है.

बिजली व्यवस्था में हो सुधारः नवीन जायसवाल

वहीं हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि शहरी क्षेत्र हो या ग्रामीण क्षेत्र हो सभी जगह के उपभोक्ता परेशान हैं. जैसे ही पुराना मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाया गया बिजली का बिल बेतरतीब आने लगा. जब सरकार को इस संबंध में जानकारी दी गई तो सुधार के बजाय उपभोक्ता से जबरन वसूली की जाने लगी है और नहीं देने पर उनका बिजली कनेक्शन काट दिया जाता है. इस आंदोलन के बाद भी यदि सरकार बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं करती है तो आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी के द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा.

सभी जिलों में अलग-अलग नेताओं को दी गई जिम्मेदारी

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर आज 17 अप्रैल को राज्य भर के सभी जिला मुख्यालय स्थित झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता कार्यालय के समक्ष चल रहे एक दिवसीय आंदोलन में अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है. प्रदेश भाजपा के द्वारा जारी की गई सूची के अनुसार खूंटी में नीलकंठ सिंह मुंडा और सुनीता सिंह, गुमला में मुनेश्वर साहू, सुदर्शन भगत और दिनेश उरांव इस आंदोलन का नेतृत्व करेंगे.

वहीं लोहरदगा में प्रवीण सिंह और मनीष उड़ान, जमशेदपुर में पूर्णिमा दास और आभा महतो, पलामू में आलोक चौरसिया और शशि भूषण मेहता, गढ़वा में सत्येंद्र तिवारी, कोडरमा में डॉ. नीरा यादव, धनबाद में राज सिन्हा और शत्रुघ्न महतो, बोकारो में दिलीप वर्मा, जामताड़ा में रणधीर सिंह, देवघर में नारायण दास, गोड्डा में अमित मंडल, दुमका में सुनील सोरेन और देवेंद्र कुंवर, पाकुड़ में अमृत पांडे को जिम्मेदारी दी गई है.