17 सितंबर से BJP का ‘सेवा संकल्प अभियान’, एक महीने तक चलेगा कार्यक्रम; 10 रूटों से निकलेगी यात्रा
Jharkhand News: भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे राज्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान को लेकर शनिवार को पलामू में भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। पार्टी के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह को इस पूरे अभियान का राज्य प्रभारी बनाया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम और प्रदेश महामंत्री सह कार्यक्रम प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता अलग-अलग 14 बिंदुओं पर कार्यक्रम आयोजित करेंगे और बूथ स्तर तक लोगों के बीच पहुंचेंगे।
10 रूटों से निकलेगी यात्रा
अभियान के तहत वाराणसी से वाडनगर और वाडनगर से वाराणसी तक यात्राएं निकाली जाएंगी। इसके लिए कुल 10 अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। इनमें से एक यात्रा छत्तीसगढ़ के जशपुर के रास्ते झारखंड में प्रवेश करेगी और गुमला, लोहरदगा, लातेहार और पलामू से होते हुए वाराणसी पहुंचेगी।
वहीं, दूसरी यात्रा छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज क्षेत्र से झारखंड में प्रवेश करेगी और रॉबर्ट्सगंज होते हुए वाराणसी तक जाएगी। भाजपा नेताओं के मुताबिक, इन यात्राओं के जरिए अभियान को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने की तैयारी है।
हर बूथ पर पहुंचेगा भाजपा कार्यकर्ता
सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ तक जाएंगे। उन्होंने 17 सितंबर को लोगों से अपने-अपने घरों में दीप जलाने की अपील भी की।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य संगठन के कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करते हुए लोगों के बीच सेवा और सामाजिक भागीदारी से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ाना है।
रक्तदान से पेंटिंग प्रतियोगिता तक होंगे कार्यक्रम
प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने बताया कि एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में कई तरह की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें रक्तदान शिविर, पेंटिंग प्रतियोगिता सहित विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम शामिल हैं।
भाजपा की ओर से अभियान को लेकर बूथ स्तर तक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है, ताकि 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को राज्यभर में व्यापक रूप से आयोजित किया जा सके।