24 अक्टूबर को नामांकन के साथ भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, पुष्य नक्षत्र में रैली के साथ समाहरणालय पहुंचेंगे प्रमुख भाजपा नेता
भाजपा के प्रमुख नेता आगामी 24 अक्टूबर को एक साथ नामांकन दाखिल करेंगे। दरअसल इस दिन को खास तौर पर पुष्य नक्षत्र और सवार्थ सिद्धि योग के कारण शुभ माना जा रहा है। यह मूहूर्त दोपहर 12 बजे शुरू होगा। पार्टी ने इस मौके पर बड़े नेताओं को आमंत्रित करने की योजना भी बनाई है, ताकि शक्ति प्रदर्शन किया जा सके।
रांची से भाजपा प्रत्याशी सीपी सिंह, हटिया से नवीन जायसवाल और कांके से जीतू चरण राम अपने कार्यकर्ताओं के साथ मोरहाबादी मैदान और दीनदयाल चौक से रैली निकालते हुए समाहरणालय पहुंचेंगे। यह नामांकन सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि भाजपा की ताकत दिखाने का भी माध्यम होगा।
भाजपा ने रांची और हटिया सीट के लिए अपने पुराने प्रत्याशियों पर भरोसा कायम रखा है, जबकि कांके सीट से जीतू चरण राम को 10 साल बाद फिर से टिकट दिया गया है। जीतू ने 2014 में इसी सीट पर जीत हासिल की थी।
सरयू राय ने भी 24 अक्टूबर को नामांकन करने का दिन चुना है। वहीं, सोमवार को रांची, हटिया, कांके, मांडर और तमाड़ विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 25 फॉर्म की बिक्री हुई, लेकिन तीसरे दिन कोई नया नामांकन नहीं हुआ। उम्मीद जताई जा रही है कि 24 अक्टूबर को सबसे ज्यादा प्रत्याशी अपने पर्चे दाखिल करेंगे। प्रशासन ने इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।