अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, टोंटो में युवक की हत्या के पीछे निकली सनसनीखेज वजह...

Chaibasa: पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मृतक श्रीधर बारी पर्व मनाने के लिए गांव आया था. इसी दौरान आरोपी के घर पर खाना-पीना हुआ, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर आरोपी और उसके साथी ने गुस्से में जलावन के लिए रखी गई लकड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी.
 

Chaibasa: जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के चालगी गांव में पिछले दिनों कुएं में एक युवक का शव मिला था. पुलिस ने इस मामले का खुलासा कर दिया है. पुलिस के अनुसार युवक की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया था. पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि हत्याकांड में शामिल एक अन्य आरोपी अब तक फरार है.

एसडीपीओ राफेल मुर्मू ने बताया कि 2 मार्च की सुबह ग्रामीणों ने खेत के पास स्थित एक कुएं के आसपास खून के निशान और कपड़े पड़े देखे. आशंका जताई गई कि किसी की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और छानबीन में जुट गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी. जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 19 मार्च शुक्रवार को मुख्य आरोपी लक्ष्मण हेस्सा को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मृतक श्रीधर बारी पर्व मनाने के लिए गांव आया था. इसी दौरान आरोपी के घर पर खाना-पीना हुआ, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर आरोपी और उसके साथी ने गुस्से में जलावन के लिए रखी गई लकड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी.

हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को रस्सी और पत्थर से बांधकर कुएं में फेंक दिया था. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खून लगी लकड़ी और मृत युवक का जैकेट बरामद कर लिया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.वहीं, दूसरे आरोपी गणेश पूर्ति की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.