जगन्नाथ मंदिर परिसर में खूनखराबा: रात में गार्ड की हत्या, दानपेटी टूटी, पुलिस के हाथ अहम CCTV फुटेज
Ranchi: रांची के जगन्नाथ मंदिर परिसर में तैनात एक गार्ड की हत्या कर दी गई. जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित इस ऐतिहासिक मंदिर में तैनात गार्ड बिरसा मुंडा की हत्या कर दी गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी. पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पूरे मामले की जांच कर रही है पुलिस
प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि चोर चोरी के इरादे से मंदिर परिसर में घुसे थे और इसी दौरान गार्ड की हत्या कर दी गई. पुलिस को मंदिर की एक दानपेटी से पैसे चोरी होने के संकेत भी मिले हैं. जिससे इस वारदात के पीछे चोरी की मंशा मजबूत होती दिख रही है. हालांकि, हत्या के सटीक कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है.
रांची के एसएसपी ने घटनास्थल कर लिया जायजा
मंदिर सेवक मनोज कुमार के अनुसार, पूरे परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. वहीं रांची के एसएसपी राकेश रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा. मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई है.
जगन्नाथ मंदिर की खासियत
रांची का जगन्नाथ मंदिर शहर की आस्था और पहचान का प्रमुख केंद्र माना जाता है. पहाड़ी पर स्थित यह मंदिर अपनी स्थापत्य शैली के लिए प्रसिद्ध है, जो पुरी का जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर बनाया गया है. यहां हर साल भव्य रथ यात्रा का आयोजन होता है. जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं. यह मंदिर न केवल धार्मिक बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है.