बोकारो : सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, एक करोड़ के इनामी नक्सली समेत 8 ढेर, हथियारों का जखीरा बरामद

 
बोकारो : सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, एक करोड़ के इनामी नक्सली समेत 8 ढेर, हथियारों का जखीरा बरामद

झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। बोकारो जिले के लुगू पहाड़ के समीप सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई, जिसमें आठ नक्सली मारे गए। मारे गए नक्सलियों में एक करोड़ रुपये का इनामी कमांडर प्रयाग मांझी उर्फ विवेक और 25 लाख का इनामी अरविंद यादव भी शामिल हैं।

कैसे हुआ मुठभेड़ का खुलासा?
पुलिस मुख्यालय को खुफिया इनपुट मिला था कि लुगू पहाड़ की तलहटी में एक बड़ा नक्सली समूह सक्रिय है। सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने इलाके को घेरते हुए तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान नक्सलियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया।

करीब दो घंटे चली इस भीषण गोलीबारी में सुरक्षा बलों ने आठ नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों की संख्या और भी अधिक हो सकती है, क्योंकि तलाशी अभियान अभी भी जारी है।

बताते चलें कि मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों को भारी मात्रा में हथियार, गोलियां, विस्फोटक सामग्री, वायरलेस उपकरण और नक्सली दस्तावेज मिले हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया।

मारे गए नक्सलियों में प्रमुख हैं:

प्रयाग मांझी उर्फ विवेक: एक करोड़ रुपये का इनामी, सीपीआई माओवादी का शीर्ष कमांडर। धनबाद के टुंडी इलाके का रहने वाला यह नक्सली वर्षों से सुरक्षाबलों के लिए चुनौती बना हुआ था
अरविंद यादव: 25 लाख का इनामी नक्सली, अनेक गंभीर मामलों में वांछित
साहेब राम मांझी: 10 लाख का इनामी माओवादी कैडर

सुरक्षाबल अब ग्रामीणों की मदद से शवों की पहचान करा रहे हैं। मारे गए अन्य नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है।