बोकारो जिला व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से आया मैसेज.. ISI का जिक्र

Bokaro: सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया. मौके पर बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम ने पहुंचकर पूरे परिसर की सघन जांच की. सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि मेल में करीब 14 बम लगाए जाने की बात कही गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं.
 

Bokaro: जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बोकारो व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर सामने आई. बताया जा रहा है कि रजिस्ट्रार के पास सुबह करीब 9 बजे एक ई-मेल आया. जिसमें बोकारो कोर्ट को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी दी गई. मेल में सौरव विश्वास नाम का जिक्र होने की बात भी सामने आ रही है.

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया. मौके पर बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम ने पहुंचकर पूरे परिसर की सघन जांच की. सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि मेल में करीब 14 बम लगाए जाने की बात कही गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. उनके साथ सिटी डीएसपी, हेडक्वार्टर डीएसपी, सिटी थाना प्रभारी और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है.

फिलहाल पुलिस द्वारा व्यवहार न्यायालय, न्याय सदन और जिला अधिवक्ता बार एसोसिएशन परिसर की गहन जांच की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि एक ईमेल आया है. जिसमें बम लगा करके उड़ाने की बात लिखी हुई है. साइनाइड बम के द्वारा हमले की बात है. पुलिस लोकल स्तर पर जो जांच है, उसे कर रही है. इस मामले के जो एक्सपर्ट हैं, वह टीम भी जांच कर रही है. फिलहाल जांच में कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है.

सुरक्षा को देखते हुए कोर्ट परिसर को खाली करवा दिया है. कोर्ट परिसर में मौजूद सारी गाड़ियों को निकाल दिया गया है. सुरक्षा घेरे में कोर्ट परिसर को लेकर जांच की जा रही है. पुलिस ने बताया कि कोर्ट के एक रजिस्ट्रार के पास यह मेल आया है. मेल में तमिलनाडु के किसी मामले की चर्चा है. वहीं ISI का भी जी जिक्र किया है. पुलिस ने कहा कि पहले भी एटीएस को ऐसा ही कुछ मेल आया था.