लातेहार में हाड़ कंपाने वाली ठंड की शुरुआत, रांची में 11 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
Jharkhand Weather Update: झारखंड में सर्दी अब अपना असर दिखाने लगी है। सुबह और शाम के साथ रात में भी कनकनी बढ़ रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में राज्य के कई जिलों के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट का अनुमान जताया है। ऐसे में नवंबर के आखिरी दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 27 नवंबर से 2 दिसंबर तक राज्य के कई हिस्सों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने और धूप निकलने की संभावना है। यानी दोपहर में थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन शाम होते ही ठंड फिर सताने लगेगी। राहत की बात यह है कि फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।
लातेहार सबसे ठंडा, 8.2 डिग्री पहुंचा तापमान
गुरुवार को लातेहार राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 8.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं, राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में 0.8 डिग्री कम है। रांची का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा।
मेदिनीनगर में न्यूनतम तापमान में 2.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गयी। वहीं, जमशेदपुर के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी 2.6 डिग्री सेल्सियस की कमी आयी है।
रांची में 11 डिग्री तक लुढ़केगा पारा
राजधानी रांची में अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 27 और 28 नवंबर को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके बाद 29 नवंबर को 12 डिग्री और 30 नवंबर को 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
वाहन चालकों के लिए भी अलर्ट
सुबह कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर सुबह जल्दी और देर रात यात्रा करने वाले लोग धीमी गति से वाहन चलाएं। वहीं, बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करना चाहिए।