खूंटी में दो सगी बहनों के साथ दरिंदगी! तीन आरोपी गिरफ्तार, चौथे की तलाश

झारखंड के खूंटी जिले में दो नाबालिग सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है. मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. घटना के बाद इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
 

Khunti, Jharkhand:  झारखंड के खूंटी जिले में दो नाबालिग सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोप है कि घुमाने और घर पहुंचाने का झांसा देकर तीन नाबालिग बच्चियों को मारंगहादा क्षेत्र ले जाया गया, जहां दो बहनों के साथ यौन हिंसा की गई। घटना में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित बच्चियों की मुलाकात करीब एक सप्ताह पहले आरोपियों में से एक युवक से हुई थी। सोमवार को वह युवक तीनों बच्चियों को स्कूटी और बाइक से घुमाने तथा घर छोड़ने के बहाने अपने साथ ले गया। इनमें दो बहनें मुरहू थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं, जबकि तीसरी बच्ची सायको क्षेत्र की निवासी थी।

साथियों को बुलाकर अलग-अलग जगह ले गए आरोपी

बताया गया है कि रास्ते में मुख्य आरोपी ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद बच्चियों को अलग-अलग सुनसान स्थानों पर ले जाया गया। आरोप है कि वहां दोनों सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। वहीं, तीसरी बच्ची के रोने और शोर मचाने पर आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए। वह किसी तरह उनके चंगुल से बच निकली।

परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी

घटना के बाद पीड़ित बच्चियों ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला थाना में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोपाल मुंडा उर्फ राहुल मुंडा (19), मनीष लोहरा और मनसा टुटी को गिरफ्तार किया है। वहीं, चौथे आरोपी प्रभु सहाय (26) की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार तीनों आरोपी बालिग हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।

महिला थाना सह एएचटीयू थाना प्रभारी निशा कुमारी ने तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। खूंटी डीएसपी मंगल सिंह जामुदा ने बताया कि फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। फिलहाल पीड़ित बच्चियों की मेडिकल जांच और मामले से जुड़ी अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।