राज्य में बदला मौसम का मिज़ाज: एक तरफ गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी, दूसरी ओर भीषण गर्मी से लोगों की मुश्किलें बढ़ीं...
Ranchi: आज 20 अप्रैल 2026 को झारखंड में मौसम का मिज़ाज काफी अलग-अलग दिख रहा है-राज्य के कुछ हिस्सों में बिजली-कड़ाकेदार बारिश (वज्रपात) और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है, तो वहीं अन्य इलाकों में भीषण गर्मी और हीट वेव (लू) का प्रभाव जारी है. जहां एक ओर उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है, वहीं दूसरी ओर उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में हीट वेव का खतरा बना हुआ है.
डालटेनगंज में पड़ रही है प्रचंड गर्मी
झारखंड में बढ़ती गर्मी के बीच पलामू का डाल्टनगंज इस समय राज्य का सबसे गर्म इलाका बनकर उभरा है. डाल्टनगंज में बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे अधिक है. यह तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री ज्यादा है, जिससे यहां भीषण गर्मी और लू जैसे हालात बन गए हैं. डाल्टनगंज में न सिर्फ दिन का तापमान अधिक रहा, बल्कि न्यूनतम तापमान भी 24 डिग्री के आसपास बना रहा. यानी रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है.
बोकारो और जमशेदपुर का भी हाल बेहाल
राज्य के अन्य शहरों की बात करें तो जमशेदपुर में 41.6 डिग्री, बोकारो में 43.1 डिग्री और रांची में 39.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. हालांकि ये सभी शहर गर्मी से जूझ रहे हैं, लेकिन डाल्टनगंज ने सबसे ज्यादा तपिश के साथ सभी को पीछे छोड़ दिया है. इसके अलावा चाईबासा में 41.4 डिग्री, देवघर में 41.1 डिग्री, कोडरमा में 40 डिग्री, सरायकेला में 41.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ है. सिर्फ लातेहार और पाकुड़ जिले का अधिकतम तापमान 35 डिग्री से नीचे रहा.
इन जिलों में वज्रपात और बारिश के आसार
मौसम केंद्र के मुताबिक, आज राज्य के उत्तर-पूर्वी झारखंड के जिलों देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा और साहिबगंज में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. इन इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ गरज और वज्रपात होने की संभावना है. साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. अगर 20 अप्रैल के बाद के मौसम की बात करें, तो 21 अप्रैल को भी उत्तर-पूर्वी जिलों में हल्की बारिश और वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है. वहीं 22 अप्रैल से मौसम फिर से साफ और शुष्क होने लगेगा. इसके बाद 23 अप्रैल तक पूरे राज्य में आसमान साफ रहने और तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान है.
इन जिलों में हीट वेव का अलर्ट
वहीं, उत्तर-पश्चिमी झारखंड के जिलों पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में तापमान काफी अधिक रहने की संभावना है, जिससे लोगों को लू का सामना करना पड़ सकता है. खासकर पलामू और गढ़वा जैसे जिले हीट वेव से सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे ऊपर पहुंच सकता है.
राज्य के मध्य और दक्षिणी हिस्सों जैसे रांची, बोकारो, धनबाद, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में आज मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है. हालांकि कुछ जगहों पर हल्के बादल नजर आ सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना कम है. आने वाले दिनों में हीट वेव का असर उत्तर-पश्चिमी और कुछ दक्षिणी जिलों में बढ़ सकता है. खासकर पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार के साथ-साथ सिंहभूम क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.