लोहरदगा में सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान बवाल, दो समुदायों में झड़प, कई घायल
Jharkhand News: झारखंड के लोहरदगा जिले में सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कुडू थाना क्षेत्र के बारीडीह गांव में प्रतिमा घुमाने और डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ मामला देखते ही देखते दो समुदायों के बीच झड़प में बदल गया। इस घटना से गांव में तनाव का माहौल बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम गांव में सरस्वती पूजा की प्रतिमा विसर्जन के लिए ले जाई जा रही थी। इसी दौरान प्रतिमा एक मुस्लिम परिवार के घर के छप्पर से सट गई, जिसको लेकर कुछ देर के लिए कहासुनी हुई। उस समय दोनों पक्षों ने आपसी बातचीत से मामला शांत कर लिया था। हालांकि, रात में पुलिस गश्त नहीं होने के कारण रविवार सुबह फिर से वही विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
रविवार सुबह एक समुदाय की भीड़ ने दूसरे समुदाय के कुछ घरों पर हमला कर दिया। कई घरों में तोड़फोड़ की गई और मारपीट में कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही कुडू थाना पुलिस और सशस्त्र सीमा बल का बाइक दस्ता मौके पर पहुंचा। बाद में लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने झड़प में घायल तीन लोगों को कुडू के सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति को नियंत्रण में करने की कोशिश की जा रही है। अभी तक किसी सरकारी अधिकारी की ओर से इस घटना पर आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।