​​​​​​सीएम हेमंत सोरेन का भावुक संदेश: सूरज की रोशनी, हवा की महक… हर जगह महसूस होते हैं बाबा

 

Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को 50 साल के हो गए। जन्मदिन के मौके पर उन्होंने अपने पिता और झारखंड आंदोलन के प्रणेता, दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन को याद करते हुए सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा-  “बाबा भले आज सशरीर हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें हर पल मेरे साथ हैं। मुझे विश्वास है, वे सूरज की रोशनी, पेड़ों की छाया, बहती हवा, नदी की धार और हर उस लौ में हैं, जिसमें उन्होंने मुझे सत्य, संघर्ष और निडर होकर जन-सेवा करने की सीख दी। 

बाबा अब इस मिट्टी में हैं, हवा में हैं, जंगलों में हैं, पहाड़ों में हैं, गीतों में हैं- उन अनगिनत लोककथाओं की तरह जो हमेशा अमर रहती हैं। वीर दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहें! जय झारखंड! हेमंत सोरेन के इस भावुक पोस्ट पर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। समर्थकों ने उन्हें ‘संघर्षशील नेता’ और ‘जन-जन के मुख्यमंत्री’ बताते हुए बधाई दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल संतोष गंगवार, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो समेत कई नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। राहुल गांधी ने कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने का संदेश दिया, वहीं रबींद्रनाथ महतो ने उनके संघर्ष, सादगी और जमीन से जुड़े स्वभाव की सराहना की। राज्य के कई मंत्री, सांसद और विधायक भी नेमरा गांव पहुंचे और उनके स्वास्थ्य व लंबी उम्र की कामना की। सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का सिलसिला दिनभर जारी रहा।

इंजीनियर बनने का सपना, राजनीति का सफर
10 अगस्त 1975 को रामगढ़ के नेमरा गांव में जन्मे हेमंत सोरेन का बचपन इंजीनियर बनने के सपनों के साथ बीता। रांची के बीआईटी, मेसरा में मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे, जब 2009 में बड़े भाई दुर्गा सोरेन का निधन हो गया। इसी के बाद उन्होंने झामुमो की कमान संभाली और राजनीति में सक्रिय हो गए। आज, कठिन दौर में भी वे अपने पिता के सपनों को साकार करने के लिए जुटे हैं और समर्थक उन्हें संघर्षशील, संवेदनशील और जन-हितैषी नेता के रूप में देखते हैं।