रांची में कांग्रेस ने धूमधाम से मनाया संविधान दिवस, बाबा साहब और डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संविधान की रक्षा करने की ली शपथ
Jharkhand Desk: देशभर में बुधवार के दिन संविधान दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. राजधानी रांची में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ताओं ने डोरंडा स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संविधान की रक्षा करने की शपथ ली. इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हम संविधान को खत्म करने की बीजेपी और आरएसएस की साजिश को कभी पूरा नहीं होने देंगे.
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, कांके विधायक सुरेश बैठा, कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन केदार पासवान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं ने दोनों ही महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संविधान बचाने का संकल्प लिया.
झारखंड कांग्रेस विधायक दल के नेता राजेश कच्छप ने कहा कि आज का दिन पूरे देश के लिए विशेष है. बिना संविधान के इस देश की कल्पना नहीं की जा सकती है. उन्होंने कहा कि बीजेपी और आरएसएस देश को विभाजन की ओर ले जाना चाहते हैं, जिसे हम पूरा नहीं होने देंगे. राजेश कच्छप ने कहा कि कांग्रेस ने देश को संवारा है और हर कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता का फर्ज है कि वह आगे आकर संविधान की रक्षा करें.