प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘सोना नहीं खरीदने’ की अपील पर कांग्रेस का जोरदार पलटवार, प्रदेश उपाध्यक्ष गुंजन सिंह ने भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा किया
Deoghar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशवासियों से सोना न खरीदने और बचत को उत्पादक क्षेत्रों में लगाने की अपील पर सियासत तेज हो गई है. इस बयान को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और भाजपा पर सीधा हमला बोला है. कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष गुंजन सिंह ने इसे आम जनता की आर्थिक मजबूरी से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है.
गोड्डा लोकसभा की जिम्मेदारी कांग्रेस की वरिष्ठ महिला नेता एवं प्रदेश उपाध्यक्ष गुंजन सिंह को दी गई. गोड्डा लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी की दो दशक से लगातार जीत को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गोड्डा लोकसभा प्रभारी के रूप में गुंजन सिंह को नियुक्त किया है.
क्या कहा गुंजन सिंह ने?
गुंजन सिंह ने कहा कि सरकार पहले महंगाई, बेरोजगारी और गिरती क्रयशक्ति पर जवाब दे। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी सोना शौक से नहीं, बल्कि भविष्य की सुरक्षा के लिए खरीदता है. ऐसे में लोगों को नसीहत देने से पहले सरकार को यह बताना चाहिए कि आमदनी क्यों नहीं बढ़ रही और जरूरी सामान क्यों महंगे होते जा रहे हैं.
भाजपा पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार के दौर में:
- महंगाई रिकॉर्ड स्तर पर है
- रोजगार के अवसर घटे हैं
- मध्यम वर्ग की बचत लगातार कम हो रही है
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब जनता के पास खर्च करने को सीमित विकल्प हैं, तब सरकार सोना खरीदने पर रोक जैसी अपील कर वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाना चाहती है.
अपील का असली मकसद?
गुंजन सिंह के मुताबिक, सरकार विदेशी मुद्रा भंडार और आयात के आंकड़ों की आड़ में जनता पर जिम्मेदारी डाल रही है, जबकि नीतिगत असफलताओं की जवाबदेही लेने से बच रही है. उन्होंने कहा कि अगर अर्थव्यवस्था मजबूत होती, तो ऐसी अपीलों की जरूरत ही नहीं पड़ती.
पीएम मोदी की अपील को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक रंग ले चुका है। कांग्रेस इसे आम जनता पर बोझ डालने वाली सलाह बता रही है, जबकि भाजपा इसे राष्ट्रहित में बताया जा रहा है. आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं