झारखंड में हुए निकाय चुनाव मतदान के बाद मतों की गिनती जारी, सियासी दलों के नेता अपने-अपने समर्थित प्रत्याशियों के जीत को लेकर कर रहे दावे

Ranchi: राज्य के शहरी विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने शहरी निकाय मतगणना को लेकर कहा कि परीक्षा के बाद, परीक्षाफल का इंतजार सभी को है. शुक्रवार शाम तक कई नतीजे और रुझान क्लियर होंगे. उन्हें भरोसा है कि झामुमो समर्थित उम्मीदवारों की जीत होगी.
 

Ranchi: 23 फरवरी को झारखंड में हुए निकाय चुनाव मतदान के बाद मतों की गिनती हो रही है. दलीय आधार पर चुनाव नहीं होने के बावजूद राज्य की प्रायः सभी छोटे-बड़े दलों ने इस चुनाव का न सिर्फ गंभीरता से लड़ा बल्कि अपने समर्थित उम्मीदवार भी उतारें. अब जब निकाय चुनाव के रिजल्ट का समय है तो कांग्रेस, झामुमो, भाजपा और आजसू ने अपने अपने समर्थित उम्मीदवारों की जीत के दावे किए हैं. ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि निकाय के चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार की जीत होगी. मंत्री ने कहा कि हमलोगों ने पार्टी के समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में चुनाव प्रचार किया अब पूरी उम्मीद है कि हमारे समर्थित उम्मीदवार चुनाव जीतेंगे.

वहीं कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने कहा कि पूरी उम्मीद है कि उनके समर्थित प्रत्याशी चुनाव जीतकर शहरी निकाय के लिए सरकार से मिलकर काम करेंगे. वहीं बोकारो से कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि निकाय चुनाव में जहां कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार मजबूत हैं वहां वह और जहां झामुमो समर्थित उम्मीदवार मजबूत हैं वहां उनकी जीत होगी. हमलोग गठबंधन में हैं दोनों दलों की जीत होगी.

राज्य के शहरी विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने शहरी निकाय मतगणना को लेकर कहा कि परीक्षा के बाद, परीक्षाफल का इंतजार सभी को है. शुक्रवार शाम तक कई नतीजे और रुझान क्लियर होंगे. उन्हें भरोसा है कि झामुमो समर्थित उम्मीदवारों की जीत होगी.

शहरी निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत का दावा करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हमलोग चुनाव में सभी जगहों पर जीतेंगे. वहीं आजसू के इकलौते विधायक तिवारी महतो ने कहा कि जो लोग विधानसभा चुनाव के बाद यह कहते थे कि आजसू की राजनीति समाप्त हो गयी है, उसे इस चुनाव से झटका लगेगा. कई वार्ड में हमारा आजसू समर्थक उम्मीदवार जीत गए हैं और हजारीबाग-रामगढ में अध्यक्ष भी आजसू समर्थक उम्मीदवार का होगा.