रांची में क्रिकेट का फीवर! IND vs WI T-20 टिकट के लिए उमड़ी भारी भीड़...Ticket Sale शुरू
Ranchi: राजधानी रांची के धुर्वा स्थित JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर है। मैच को स्टेडियम में बैठकर लाइव देखने के लिए सोमवार, 5 अक्टूबर से ऑफलाइन टिकटों की बिक्री शुरू हो गई। टिकट हासिल करने के लिए झारखंड के अलग-अलग जिलों से पहुंचे फैंस रविवार रात से ही स्टेडियम के आसपास जुटने लगे थे।
हालांकि, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को देखते हुए रात के समय स्टेडियम परिसर में लाइन लगाने की अनुमति नहीं दी गई। सोमवार सुबह करीब 7 बजे से दर्शकों को व्यवस्थित तरीके से कतार में खड़ा कराया गया। इसके बाद निर्धारित समय सुबह 9 बजे से टिकट काउंटर खोल दिए गए।
सुबह 9 से शाम 4 बजे तक टिकट बिक्री
दर्शकों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्टेडियम परिसर में कुल पांच टिकट काउंटर बनाए गए हैं। टिकट वितरण को लेकर यह नियम तय किया गया है कि एक व्यक्ति अधिकतम दो टिकट ही खरीद सकेगा।
महिलाओं और दिव्यांग दर्शकों के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें लंबी कतार और भीड़ के बीच परेशानी का सामना न करना पड़े। टिकट बिक्री शुरू होने से काफी पहले ही महिला क्रिकेट प्रशंसकों की भी बड़ी संख्या कतार में पहुंच गई थी।
ऑफलाइन टिकट बिक्री 5 और 6 अक्टूबर को ही होगी। इसके बाद काउंटर से टिकटों की बिक्री बंद कर दी जाएगी। दोनों दिन टिकट काउंटर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे।
रात से ही स्टेडियम के बाहर जुटने लगे फैंस
भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले को लेकर फैंस की दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई दर्शक रविवार रात से ही स्टेडियम के आसपास पहुंच गए थे। हालांकि, प्रशासन की ओर से रात में लाइन लगाने की अनुमति नहीं दी गई।
सुबह होते ही बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी निर्धारित स्थान पर पहुंचने लगे और देखते ही देखते टिकट काउंटरों के बाहर लंबी कतारें लग गईं।
वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा को लाइव देखने का क्रेज
रांची में होने वाले इस मुकाबले को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। टिकट की कतार में खड़े कई युवा फैंस ने बताया कि वे भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मैदान पर लाइव खेलते देखने के लिए टिकट लेने पहुंचे हैं। वहीं, अभिषेक शर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी देखने को लेकर भी प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है।
फैंस का कहना है कि टीवी और मोबाइल स्क्रीन पर खिलाड़ियों को देखने का अपना मजा है, लेकिन स्टेडियम में बैठकर अंतरराष्ट्रीय मुकाबला देखने का अनुभव बिल्कुल अलग होता है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
टिकट बिक्री के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए जिला प्रशासन और JSCA प्रबंधन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ कतार को व्यवस्थित रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
प्रशासन की कोशिश है कि टिकट वितरण के दौरान किसी भी तरह की धक्का-मुक्की या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो और सभी दर्शकों को तय नियमों के तहत टिकट मिल सके।
9 अक्टूबर को होगा महामुकाबला
भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 9 अक्टूबर को रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच को लेकर टिकटों की मांग काफी अधिक है। ऑफलाइन बिक्री के लिए केवल दो दिन का समय होने के कारण काउंटरों पर फैंस की भीड़ लगातार बढ़ रही है।
रांची में टिकट बिक्री के पहले ही दिन का नजारा बता रहा है कि 9 अक्टूबर के मुकाबले को लेकर क्रिकेट का जुनून किस कदर सिर चढ़कर बोल रहा है।