बोकारो में हाथियों का कहर, एक ही परिवार के तीन लोगों को कुचलकर मार डाला...
Bokaro: ग्रामीणों की मांग है कि गांव से रजरप्पा जाने वाली रोड में लाइट की व्यवस्था की जाए. सड़क के किनारे बड़ा ड्रेनेज बनाया जाए जिससे हाथी सड़क पर सीधे नहीं पहुंच सके...
Feb 5, 2026, 18:48 IST
Bokaro: जिले के गोमिया प्रखंड के वन प्रक्षेत्र गोमिया के बड़की पुन्नू गांव में पांच हाथियों के झुंड ने एक घर पर हमला कर दिया. इस हमले में तीन लोगों को कुचल कर मार डाला. तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
मृतकों में दो महिला और एक पुरुष हैं. जबकि एक महिला घायल है, जिसे इलाज के लिए गोमिया अस्पताल भेज दिया गया है.
बताया जा रहा है कि चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के बड़की पुन्नू के करमाली टोला के रहने वाले गंगा करमाली (65) और उसकी पत्नी कमली देवी (62) और कमली की बड़ी जेठानी भगिया देवी (65) अपने घर में सो रहे थे.
अहले सुबह हाथियों के झुंड ने घर पर हमला कर दिया और तीन लोगों को कुचल कर मार डाला. जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.
गोमिया क्षेत्र में लगातार हो रही मौत की घटनाओं को लेकर विभाग के प्रति ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और बचाव के लिए संसाधनों की मांग कर रहे हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार सालों भर उसका आना-जाना लगा रहता है. जिसके चलते आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं.
ग्रामीणों की मांग है कि गांव से रजरप्पा जाने वाली रोड में लाइट की व्यवस्था की जाए. सड़क के किनारे बड़ा ड्रेनेज बनाया जाए जिससे हाथी सड़क पर सीधे नहीं पहुंच सके.
हाथियों को इलाके में आने से रोका जाए, ताकि आम जन को कोई नुकसान न हो सके. साथ ही मुआवजा की राशि बढ़ाई जाए.
मामले को लेकर डीएफओ बोकारो संदीप शिंदे ने कहा कि गुरुवार लगभग 3 बजे सुबह पांच हाथियों के झुंड द्वारा हमले में तीन लोगों की मौत हुई है.
हमारे वन क्षेत्र की टीम घटनास्थल पर पहुंची हुई है. तात्कालिक जो मुआवजा राशि बनती है, वह मुहैया कराई जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.