देवघर के किन्नर समाज की अनोखी होली, 7-9 मार्च तक होगा महायज्ञ का आयोजन

Deoghar:  झारखंड किन्नर महामंडलेश्वर माता राजनंदनी ने बताया कि आगामी 7, 8 और 9 मार्च को बंधा स्थित परिसर में भव्य महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा. इस तीन दिवसीय आध्यात्मिक अनुष्ठान में प्रदेशभर से संत-महात्मा, बुद्धिजीवी एवं श्रद्धालु सहभागिता करेंगे.
 
Deoghar: मार्च के आगमन के साथ ही देवघर का वातावरण फगुआ की सुरभि से महक उठा है. नगर की गलियों में अबीर-गुलाल की आभा और लोकगीतों की मधुर तान सुनाई देने लगी है. इसी उल्लासपूर्ण परिवेश में रविवार को देवघर के किन्नर समाज ने मंगलमुखी धाम में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन कर सामाजिक सरोकार और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया.
समारोह में झारखंड की किन्नर महामंडलेश्वर राजेश्वरी नंद गिरि ने समाज के साथ फूल और गुलाल से सूखी होली खेली. रंगों की इस पावन अठखेलियों के बीच उन्होंने जल संरक्षण का संदेश भी दिया. उन्होंने कहा कि देवघर तेजी से जल-संकट की ओर बढ़ रहा है, शहर ड्राई जोन की स्थिति के निकट है और गर्मी की आहट के साथ जल-संकट गहराने की आशंका है. ऐसे में गीले रंगों से परहेज कर सूखी होली मनाना समय की पुकार है. समारोह में फाग-गीतों की रसधार बही, पारंपरिक लोकधुनों पर किन्नर समाज ने ठुमके लगाए और बसंत ऋतु का अभिनंदन किया. उल्लास और उत्तरदायित्व का यह संगम देवघरवासियों के लिए एक प्रेरणास्पद उदाहरण बनकर उभरा.
इसी अवसर पर मार्च माह में होने वाले भव्य धार्मिक आयोजन की जानकारी भी साझा की गई. झारखंड किन्नर महामंडलेश्वर माता राजनंदनी ने बताया कि आगामी 7, 8 और 9 मार्च को बंधा स्थित परिसर में भव्य महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा. इस तीन दिवसीय आध्यात्मिक अनुष्ठान में प्रदेशभर से संत-महात्मा, बुद्धिजीवी एवं श्रद्धालु सहभागिता करेंगे.
कार्यक्रम के आयोजनकर्ता महंत अजीत कुमार सिंह ने जानकारी दी कि इस महायज्ञ में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात किन्नर संत लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी. उनके साथ समाज के अनेक गणमान्य व्यक्तियों के आगमन से आयोजन की गरिमा और भी बढ़ेगी.