धनबाद में वारंटियों पर बड़ी कार्रवाई, फरार वारंटियों पर धनबाद पुलिस सख्त
Dhanbad: धनबाद पुलिस ने अपराध नियंत्रण और न्यायिक प्रक्रियाओं को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विशेष वारंट निष्पादन मुहिम चलाई. इस अभियान के तहत पिछले 15 दिनों में सैकड़ों वारंटों का निष्पादन किया गया है. पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मुहिम जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ संचालित की गई. इसमें गंभीर आपराधिक मामलों के वारंटी, लंबे समय से अनुपस्थित आरोपी और न्यायालयीन आदेशों की अवहेलना करने वालों को प्राथमिकता दी गई. कई फरार वारंटियों को दबिश देकर गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया. इस अभियान का उद्देश्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर न्यायिक प्रक्रिया को गति देना और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है.
मई माह के पहले पंद्रह दिनों में पुलिस को उल्लेखनीय सफलता मिली है. 1 मई से 15 मई के बीच चलाए गए विशेष अभियान के दौरान अभियुक्त वारंट के 664 मामलों का निष्पादन किया गया. इसके अलावा स्थायी वारंट के 85 मामलों में कार्रवाई पूरी की गई. जबकि कुर्की से जुड़े 9 मामलों का भी निष्पादन किया गया. इस प्रकार कुल 758 मामलों में कार्रवाई कर पुलिस ने लंबित मामलों को निपटाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है.
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि कई अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहे थे. उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि लंबित वारंटों के निष्पादन में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए.
उन्होंने कहा कि जून माह के अंत तक अधिकतम लंबित वारंटों का निष्पादन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसकी नियमित समीक्षा की जा रही है. अभियान की मॉनिटरिंग डीएसपी मुख्यालय-2 धीरेन्द्र नारायण बंका कर रहे हैं. तकनीकी संसाधनों की मदद से फरार आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है.
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस विशेष अभियान से न केवल पुराने मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी, बल्कि अपराधियों में कानून का भय भी बढ़ेगा. अपराध नियंत्रण और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.