बंगाल मॉडल पर ढुल्लू महतो का बयान बना सियासी मुद्दा, निरसा विधायक बोले– पहले अपने इलाके की हालत देखें

Dhanbad: सांसद के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया है. विपक्ष ने इसे मुद्दा बनाते हुए भाजपा पर ही सवाल खड़े कर दिए. निरसा से माले विधायक अरूप चटर्जी ने तंज कसते हुए कहा कि सांसद खुद मान रहे हैं कि बंगाल में विकास हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने झारखंड में लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कोई ठोस विकास कार्य नहीं किया.
 

Dhanbad: कोयलांचल में एयरपोर्ट निर्माण को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है. धनबाद में एयरपोर्ट की मांग अब सिर्फ विकास का मुद्दा नहीं रहा, बल्कि नेताओं के बीच जुबानी जंग की वजह बन गया है. ताजा विवाद तब गहराया जब धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो ने पश्चिम बंगाल मॉडल की तारीफ कर दी.

एक कार्यक्रम के दौरान सांसद ने कहा कि अगर धनबाद में एयरपोर्ट बनाना है, तो पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार की तर्ज पर काम करना होगा. उन्होंने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि न तो राज्य सरकार खुद एयरपोर्ट बना रही है और न ही इसके निर्माण में सहयोग कर रही है.

सांसद के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया है. विपक्ष ने इसे मुद्दा बनाते हुए भाजपा पर ही सवाल खड़े कर दिए. निरसा से माले विधायक अरूप चटर्जी ने तंज कसते हुए कहा कि सांसद खुद मान रहे हैं कि बंगाल में विकास हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने झारखंड में लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कोई ठोस विकास कार्य नहीं किया.

अब एयरपोर्ट का मुद्दा विकास बनाम राजनीति की बहस में बदलता दिख रहा है. एक ओर जहां सांसद राज्य सरकार पर अड़चन डालने का आरोप लगा रहे हैं. वहीं विपक्ष इसे भाजपा की नाकामी से जोड़कर देख रहा है.

धनबाद में एयरपोर्ट की मांग लंबे समय से उठती रही है, लेकिन अब यह मुद्दा चुनावी रणनीति और राजनीतिक बयानबाजी के केंद्र में आ गया है. आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह बहस जमीन पर विकास का रास्ता खोलती है या सिर्फ सियासी आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रह जाता है.