झारखंड के खूंटी जिले में दोहरी वारदात: सोयको में दुष्कर्म केस का खुलासा, पहाड़ी इलाके में युवक की मौत से सनसनी

Khunti: घटना बलंगा नदी के पहाड़ी इलाके से जुड़ी है, जहां एक युवक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान बुद्धदेव मुंडा के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की डंडों से पीट पीटकर हत्या कर दी गई और शव को चट्टानों के बीच छिपाने की कोशिश की गई.
 

Khunti: झारखंड के खूंटी जिले के सोयको थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. एक ओर जहां दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, वहीं दूसरी ओर संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है.

पहली घटना सायको थाना क्षेत्र की है. जहां एक 21 वर्षीय विवाहिता ने अपने पड़ोसी पर दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया. पीड़िता की शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और बिना देरी किए मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. सायको थाना प्रभारी प्रभात रंजन के मुताबिक मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्राथमिक जांच तेजी से पूरी की गई और कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

वहीं, दूसरी घटना बलंगा नदी के पहाड़ी इलाके से जुड़ी है, जहां एक युवक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान बुद्धदेव मुंडा के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की डंडों से पीट पीटकर हत्या कर दी गई और शव को चट्टानों के बीच छिपाने की कोशिश की गई.

पुलिस के अनुसार, मृतक के खिलाफ पहले भी आपराधिक गतिविधियों और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार के आरोप लग चुके थे. आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से उसकी हत्या की गई होगी. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. थाना प्रभारी प्रभात रंजन पांडेय ने कहा कि जांच जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा.