रांची की डॉ. मेघा रानी बनीं विश्व मानवाधिकार सुरक्षा आयोग की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

 

रांची की प्रसिद्ध लेखिका डॉ. मेघा रानी को विश्व मानवाधिकार सुरक्षा आयोग की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है और उन्हें राष्ट्रीय सौर्य सम्मान से नवाजा जाएगा। यह सम्मान उन्हें उनके सामाजिक कार्यों और लेखन द्वारा लोगों तक उत्कृष्ट योगदान पहुंचाने के लिए दिया जा रहा है। आयोग ने इस नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा भी कर दी है।

इस नियुक्ति के बाद डॉ. मेघा रानी ने बिरसा चौक स्थित होटल पार्क में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। इस अवसर पर उन्होंने मानवाधिकार की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बाल मजदूरी, नारी उत्पीड़न, भ्रूण हत्या रोकने और शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को सबके लिए उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

डॉ. मेघा रानी ने उम्मीद जताई कि मानवाधिकार सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शासन-प्रशासन का सहयोग मिलेगा। उन्होंने प्रशासन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि मानवाधिकार की अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस मौके पर उनके माता-पिता भी मौजूद थे और उन्होंने अपनी बेटी को आशीर्वाद दिया।