धनबाद में डिप्टी मेयर और उनके भाई के ठिकानों पर ED की रेड, अवैध कोयला कारोबार और लेवी मामले में बड़ी कार्रवाई

Dhanbad: रांची जोनल कार्यालय की ईडी टीम ने धनबाद में करीब 25 से 28 ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया. अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े साक्ष्य खंगाले. यह कार्रवाई प्रवर्तन निदेशालय द्वारा धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत दर्ज मामले में की जा रही है.
 

Dhanbad: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह झारखंड के धनबाद में बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम के डिप्टी मेयर अरुण चौहान और उनके भाई हरेंद्र चौहान से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई अवैध कोयला खनन, कोयला परिवहन और लेवी वसूली से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत की गई.

सूत्रों के अनुसार, रांची जोनल कार्यालय की ईडी टीम ने धनबाद में करीब 25 से 28 ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया. अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े साक्ष्य खंगाले. यह कार्रवाई प्रवर्तन निदेशालय द्वारा धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत दर्ज मामले में की जा रही है.

बताया जा रहा है कि जांच का संबंध अवैध कोयला खनन, कोयला परिवहन पर कथित अवैध वसूली (लेवी) और उससे जुड़े रंगदारी के मामलों से है. इन मामलों में पहले से दर्ज एफआईआर के आधार पर ईडी मनी लॉन्ड्रिंग एंगल की जांच कर रही है.

ईडी की कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. अधिकारियों ने संबंधित परिसरों में दस्तावेजों की जांच के साथ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वित्तीय रिकॉर्ड की भी पड़ताल की. फिलहाल एजेंसी की ओर से बरामदगी या पूछताछ को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब झारखंड में अवैध कोयला कारोबार और उससे जुड़े आर्थिक अपराधों पर जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं. माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं.