विधानसभा शीतकालीन सत्र के लिए सुरक्षा को लेकर पुख्ता तैयारियां शुरू, स्पेशल ब्रांच और रांची ट्रैफिक एसपी को विशेष निर्देश जारी
Jharkhand Desk: झारखंड पुलिस मुख्यालय के द्वारा जारी किए गए पत्र में बताया गया है कि झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र 5 दिसंबर से लेकर 11 दिसंबर तक आहूत है.
Nov 21, 2025, 11:14 IST
Jharkhand Desk: झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र 5 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 11 दिसंबर 2025 तक चलेगा. इस दौरान सुरक्षा इंतजाम को लेकर पुलिस मुख्यालय के द्वारा रांची एसएसपी, एसपी स्पेशल ब्रांच और रांची ट्रैफिक एसपी को विशेष निर्देश जारी किया गया है.
झारखंड पुलिस मुख्यालय के द्वारा जारी किए गए पत्र में बताया गया है कि झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र 5 दिसंबर से लेकर 11 दिसंबर तक आहूत है. ऐसे में सत्र को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी तरह के सुरक्षात्मक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे, बिना अनुमति के कोई भी वाहन या व्यक्ति परिसर में प्रवेश न करे. यातायात में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हो, इसके लिए ट्रैफिक को सुचारू रूप से संचालित की जाए. संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सघन जांच अभियान चलाया जाएगा. पुलिस विभाग द्वारा अधिकारियों को विधानसभा सत्र शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सतर्क एवं मुस्तैद रहने का आदेश जारी किया गया है.
11 बिंदुओं पर निर्देश जारी
निर्देश दिया गया है कि विधानसभा परिसर का गहन निरीक्षण कर पदाधिकारी और बलो की प्रतिनियुक्ति निर्धारित की जाए, यदि अतिरिक्त बल की आवश्यकता हो तो पुलिस महानिरीक्षक अभियान रांची से आवश्यकता अनुसार बल प्राप्त कर ली जाए. प्रतिनियुक्ति होने वाले वालों को भली भांति ब्रीफ की जाए और सुरक्षा के संबंध में उनके दायित्व से उन्हें अवगत करवाया जाए.
यातायात व्यवस्था के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची, पुलिस अधीक्षक यातायात वाहनों के पार्किंग स्थल को चिन्हित करेंगे तथा वहीं पर पंक्ति वार वाहनों को लगवाना सुनिश्चित करेंगे. अधिकारी यह भी देखेंगे कि अनिधिकृत वाहन झारखंड विधानसभा परिसर में प्रवेश न हो से, जो भी वाहन अंदर आए सभी वाहनों में विधानसभा पास स्टीकर जरूर लगा हो.
झारखंड विधानसभा भवन की परिसीमा में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश न हो ,भवन के अंदर वही व्यक्ति प्रवेश करेंगे जिनके पास अपेक्षित प्रवेश पत्र उपलब्ध हो. वरीय पुलिस अधीक्षक रांची, पुलिस अधीक्षक नगर रांची विधानसभा के अंदर प्रवेश द्वार में प्रतिनियुक्ति होने वाले पदाधिकारी और बलों को भली-भांति इस बात से अवगत कराएंगे की विधानसभा परिसर में आने-जाने वाले व्यक्ति के पास प्रवेश पत्र जरूर उपलब्ध हो.
झारखंड विधानसभा परिसीमा के अंदर किसी भी व्यक्ति को हथियार लाने पर रोक वरीय पुलिस अधीक्षक रांची और पुलिस अधीक्षक नगर रांची सुनिश्चित करेंगे. ऐसे पुलिस बल जो ड्यूटी में अपने हथियार लेकर विधानसभा में अंदर जाएंगे उनकी भी भली-भांति पहचान होने के बाद ही विधानसभा भवन परिसीमा के अंदर जाने की अनुमति दी जाए.
झारखंड विधानसभा सत्र अवधि में कुछ अवर निरीक्षक स्तर के पाधिकारियों को सादे लिबास में दर्शक दीर्घा समीप तथा सदन के दोनों और प्रतिनियुक्त करना पुलिस अधीक्षक सुरक्षा विशेष शाखा सुनिश्चित करेंगे. प्रतिनियुक्त होने वाले अधिकारियों की ब्रीफिंग कर उन्हें के उनके कार्य की पूरी जानकारी पूर्व में ही दी जाए.
वरीय पुलिस अधीक्षक रांची और पुलिस अधीक्षक यातायात रांची यह सुनिश्चित करेंगे कि विधानसभा परिसर में प्रवेश पाने वाली गाड़ियां निर्धारित स्थान पर लगाई जाए. विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, नेता विरोधी दल और मंत्री संसदीय कार्य विभाग की गाड़ी पार्टीको में निर्धारित स्थान पर ही रहे. एक तरफ मंत्री गण की गाड़ियां, एक तरफ माननीय सदस्यों की गाड़ियां और एक तरफ अन्य गाड़ियां विभागीय पाधिकारियों सहित पूर्व से निर्धारित स्थान के समीप रहे.
वरीय पुलिस अधीक्षक रांची, पुलिस अधीक्षक नगर रांची और पुलिस अधीक्षक सुरक्षा स्थानीय मार्शल की मदद से यह सुनिश्चित कराएंगे की माननीय मुख्यमंत्री के स्टाफ, नेता विरोधी दल तथा संसदीय कार्य मंत्री के निजी कर्मचारी जिन्हें प्रवेश पत्र निर्गत होगा वही कार्यालय कक्ष में बैठेंगे.
पुलिस अधीक्षक सुरक्षा विशेष शाखा विधानसभा परिसर की चारदिवारी और उसके आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा जांच के लिए टीम तैनात कर संदिग्ध वस्तुओं और व्यक्तियों की निगरानी रखेंगे. झारखंड विधानसभा परिसर के साथ की जाने वाली माननीय विधानसभा सदस्यों के आवासीय व्यवस्था की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए.
वरीय पुलिस अधीक्षक रांची विधानसभा सत्र के दौरान किसी भी आकस्मिक की स्थिति से निपटने के लिए रांची डीसी से विचार विमर्श कर अग्निशमन दस्ता, एंबुलेंस, चिकित्सा व्यवस्था, आंसू गैस दस्ता, बम डिस्पोजल दस्ता और त्वरित कार्रवाई बल को पूरे सत्र के दौरान तैयारी की हालत में रखेंगे. जिससे ताकि इसका उपयोग बगैर समय गवाए सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए किया जा सके.