ग्रामीण इलाकों में हाथियों का उत्पात: आम के बाग उजाड़े, सिंचाई के सोलर सिस्टम को भी किया नुकसान
Koderma: जिला में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला मरकच्चो प्रखंड के पपलो गांव का है. जहां बुधवार रात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया और कई किसानों के फसलों को नुकसान पहुंचाया. जंगली हाथियों के झुंड ने पपलो पंचायत में किसानों के 20 लाख से ज्यादा के फसलों को नुकसान पहुंचाया है. जहां भारी संख्या में आम की बागवानी को नष्ट किया और खेतों में लगे सोलर पंप को भी काफी नुकसान पहुंचाया.
किसान श्याम बिहारी यादव उर्फ लालू यादव ने बताया कि बीती रात हाथियों का झुंड अचानक से पपलो पंचायत पहुंचा और आम की बागवानी में जमकर उत्पात मचाया. इस दौरान हाथियों के झुंड ने करीब 400 आम के पेड़ों को क्षतिग्रस्त कर दिया. हाथियों के झुंड ने पपलो निवासी बलजीत यादव के डेढ़ एकड़ में लगे करीब 150 आम के पेड़ों को, बिरंचि यादव के 2 एकड़ में लगे 200 आम के पेड़ों को जबकि अगल बगल में लगे करीब 40 से 50 आम के पेड़ों को पूरी तरह नष्ट कर दिया.
बता दें कि जंगली हाथियों के इस उत्पात से बलजीत यादव को करीब 6 लाख रुपए जबकि बिरंचि यादव को करीब 8 लाख रुपए और उसके इर्द गिर्द किसानों को करीब 3 लाख रुपए का नुकसान पहुंचाया है. इसके अलावा हाथियों के झुंड ने खंडराडीह निवासी गोपाल यादव के खेतों में लगे सोलर पंप के सेट को भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है. जिससे उन्हें करीब ढाई लाख रुपए का नुकसान पहुंचा है.
क्या कहते हैं अधिकारी
इस संबंध में पूछे जाने पर कोडरमा डीएफओ सौमित्र शुक्ला ने बताया कि हाथियों को जंगल मे खदेड़ा जा रहा है. ऐसी संभावना है कि जंगली हाथियों का झुंड पानी की तलाश में जंगलों से सटे रिहायशी इलाकों में पहुंच रहा है और जान-माल के साथ इंसानी जिंदगी को भी नुकसान पंहुचा रहा है. हाथियों को खदेड़ने के लिए टीम का गठन किया गया है और स्पेशल टीम को बंगाल से बुलाया गया है.