रंगदारी और धमकी के खेल का पर्दाफाश, पेट्रोल पंपों पर आतंक फैलाने वाला गिरोह का सरगना तल्हा पुलिस के हत्थे चढ़ा

Ranchi: पेट्रोल पंपों पर हथियार के बल पर दहशत फैलाने और रंगदारी वसूली की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के सरगना तल्हा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, तल्हा लंबे समय से फरार चल रहा था और राज्य से बाहर भागने की फिराक में था. उसकी गिरफ्तारी को पुलिस ने बड़ी कामयाबी माना है.
 

Ranchi: राजधानी में आधा दर्जन से ज्यादा लूट और डकैती की वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैलाने वाले गिरोह पर रांची पुलिस ने अपना पूरा शिकंजा कस दिया है. रांची पुलिस ने फरार चल रहे गिरोह के सरगना मोहम्मद तल्हा को गिरफ्तार कर लिया है. इससे पहले रांची पुलिस टीम ने गिरोह के दस अपराधियों को एक साथ गिरफ्तार किया था.

राजधानी रांची में आधा दर्जन से ज्यादा लूट और डैकती कांडों के आरोपी मोहम्मद तल्हा को गिरफ्तार कर लिया गया है. तल्हा उस गिरोह का सरगना है जिसने हाल के दिनों में रांची के कई पेट्रोल पंप सहित कई दूसरी जगह डैकती और लूट की वारदात को अंजाम दिया था.

रांची सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि तल्हा गिरोह के दस अपराधियो को कुछ दिन पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था लेकिन तल्हा फरार चल रहा था. इसी बीच सूचना मिली की तल्हा रांची छोड़ कर फरार होने की जुगत में लगा हुआ है. सटीक सूचना के आधार पर रांची के नेवरी इलाके से उस समय तल्हा को गिरफ्तार किया गया जब वो रांची से फरार होने की कोशिश में था.

राजधानी को अशांत करने और अपने गैंग का दबदबा बनाने के लिए सक्रिय हुए तल्हा गिरोह के 10 अपराधियों को रांची पुलिस ने 29 मार्च को ही गिरफ्तार कर उनकी असली जगह यानी जेल भेज दिया था. रांची के डोरंडा में अपना मार्ट में लूट, पुंदाग में पेट्रोल पंप में डकैती, उसके बाद रांची के बीआईटी में दो पेट्रोल पंप, टाटीसिलवे स्थित पेट्रोल पंप में डैकती के बाद ओरमांझी में एक दुकानदार को लूट के क्रम में चाकू मार कर इस गिरोह ने रांची में दहशत फैला दिया था.

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन ने अपराधियो को गिरफ्तार करने के लिए एक एसआईटी का गठन किया. एसआईटी ने रांची के ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर और सिटी एसपी के सहयोग से बेहतरीन काम करते हुए गिरोह के दस अपराधियों को गिरफ्तार किया. अब एसआईटी के द्वारा ही गिरोह का सरगना भी गिरफ्तार कर लिया गया.

गिरफ्तार मो. तल्हा ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में पुंदाग पेट्रोल पंप, बीआईटी ओपी क्षेत्र के दो पेट्रोल पंप, टाटीसिलवे गेल सीएनजी पंप पर लूटपाट, डोरंडा थाना क्षेत्र के एक दुकान में लूटपाट तथा ओरमांझी थाना क्षेत्र के मेहता होटल के पास के एक दुकान में लूटपाट एवं दुकानदार को चाकू मारने की बात स्वीकार कर ली है.