रांची में नकली सॉस और विनेगर का भंडाफोड़, फूड टेस्टिंग लैब में भेजा गया सैंपल
राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक घर में छापेमारी कर बड़े पैमाने पर मिलावटी सॉस और विनेगर जब्त किया है। इस कार्रवाई में 4020 लीटर सॉस और 960 लीटर विनेगर बरामद किया गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि सॉस बनाने में न तो टमाटर का उपयोग किया गया था और न ही मिर्च का – यानी पूरी तरह से नकली सॉस तैयार किया जा रहा था।
गंदगी में चल रहा था मिलावटी कारोबार
यह सारा उत्पादन बेहद अस्वच्छ हालात में किया जा रहा था। गंदे ड्रमों और बाल्टियों में सॉस तैयार किया जा रहा था और फिर मग से उसे बोतलों में भरा जा रहा था। बोतलों की सीलिंग महिलाओं द्वारा की जा रही थी। चारों ओर कचरे का ढेर लगा हुआ था। इस अवैध धंधे का संचालन कौन कर रहा था, इसका पता नहीं चल सका, और मौके पर मौजूद किसी ने भी जानकारी देने से इनकार कर दिया।
गुप्त सूचना के बाद हुई कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुबीर रंजन ने बताया कि विभाग को गुप्त स्रोत से यह सूचना मिली थी कि इस इलाके में मिलावटी सॉस बनाने का धंधा चल रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पहले क्षेत्र की पूरी निगरानी की गई और फिर पुलिस के सहयोग से छापेमारी की गई। जब्त किए गए नमूनों को राज्य स्तरीय फूड टेस्टिंग लैब भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट जल्द मिलने की उम्मीद है।
पहले भी मिल चुकी हैं मिलावटी फैक्ट्रियां
कुछ दिन पहले ही हजारीबाग और रामगढ़ जिलों में नकली पनीर बनाने वाली फैक्ट्रियों का भी खुलासा हुआ था। लगातार मिल रही इस तरह की घटनाएं लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा बनती जा रही हैं। चिकित्सकों का कहना है कि नकली खाद्य उत्पादों के सेवन से कैंसर, लीवर और किडनी संबंधी बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है।
फूड सेफ्टी विभाग ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि यदि उन्हें कहीं भी मिलावटी खाद्य सामग्री से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें।