RTE के तहत एडमिशन की तैयारी पूरी, रांची में 1,176 सीटों के लिए RTE आवेदन का ऑनलाइन दौर समाप्त, दस्तावेज़ सत्यापन के बाद लॉटरी तय...
Ranchi: इस बार पूरी नामांकन प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल rteranchi.in के माध्यम से की गई है. शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन 16 फरवरी से शुरू हुआ था.
Updated: Mar 23, 2026, 16:11 IST
Ranchi: रांची में शिक्षा का अधिकार (RTE) कानून के तहत कमजोर और अभिवंचित वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला दिलाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है. इस योजना के तहत निजी स्कूलों की प्रारंभिक कक्षाओं में 25% सीटें आरक्षित रखी गई हैं, ताकि हर बच्चे को अच्छी शिक्षा का मौका मिल सके. इस बार पूरी नामांकन प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल rteranchi.in के माध्यम से की गई है. शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन 16 फरवरी से शुरू हुआ था. पहले इसकी आखिरी तारीख 15 मार्च तय थी, लेकिन अभिभावकों की मांग पर इसे बढ़ाकर 22 मार्च कर दिया गया.
1499 आवेदन, 3908 विकल्प चुने गए
आवेदन खत्म होने के बाद सामने आए आंकड़े बताते हैं कि इस बार कुल 1499 आवेदन मिले हैं. इन अभ्यर्थियों ने मिलकर कुल 3908 सीटों को अपनी पसंद (विकल्प) के तौर पर चुना है. जिले के 117 निजी स्कूलों में कुल 1161 सीटें उपलब्ध हैं, जिन पर एडमिशन होना है.
डीसी ने की समीक्षा बैठक
आवेदन प्रक्रिया खत्म होने के बाद 23 मार्च को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों के साथ बैठक की. इस बैठक में शिक्षा विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी हो सके.
अब अगला कदम दस्तावेजों की जांच का है. डीसी ने साफ निर्देश दिया है कि सभी आवेदनों के प्रमाण पत्र जैसे आय, निवास और जाति प्रमाण पत्र की जांच 26 मार्च 2026 तक पूरी कर ली जाए. यह जांच एसडीओ, सीओ, बीडीओ, नगर निगम, सिविल सर्जन और RIMS के प्रतिनिधियों द्वारा ऑनलाइन की जाएगी.
दस्तावेज जांच के बाद अगला चरण होगा ऑनलाइन लॉटरी. कंप्यूटराइज्ड रैंडम चयन के जरिए बच्चों का चयन किया जाएगाइसकी तारीख जल्द घोषित की जाएगी.
जिला प्रशासन का कहना है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से की जा रही है, ताकि जरूरतमंद बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल सके. अभिभावक अपने आवेदन की स्थिति पोर्टल पर चेक कर सकते हैं और किसी भी समस्या के लिए दिए गए नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं.
अभिभावकों के लिए जरूरी जानकारी
अभिभावक अपने बच्चों के आवेदन की स्थिति आसानी से rteranchi.in पोर्टल पर जाकर देख सकते हैं. अगर किसी तरह की समस्या या शिकायत हो, तो जिला प्रशासन के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 पर संपर्क कर मदद ली जा सकती है.