दुमका में आदित्य साहू ने नगर निकाय की सभी 48 सीटों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत का किया दावा, साथ ही कई निर्देश और आवश्यक टिप्स दिए कार्यकर्ताओं को...
Dumka: भाजपा सत्ता में रहे या न रहे, लेकिन हमारे कार्यकर्ता प्रत्येक दिन अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध में सड़कों पर उतरकर कार्य करने का काम करते हैं. हमारे कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक के लिए काम करते हैं.
Feb 10, 2026, 17:13 IST
Dumka: झारखड में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का दावा है कि झारखंड में हो रहे नगर निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी शानदार प्रदर्शन करेंगे और सभी 48 नगर निकाय सीटों पर जीत का परचम लहराएंगे. आदित्य साहू नगर परिषद प्रबंधन समिति की बैठक में भाग लेने दुमका पहुंचे थे.
उपराजधानी दुमका के एक निजी होटल में आदित्य साहू ने नगर निकाय चुनाव को लेकर नगर परिषद प्रबंधन समिति के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने पार्टी समर्थित उम्मीदवार अमिता रक्षित को जिताने के लिए रणनीति तैयार की.
इस बाबत उन्होंने कार्यकर्ताओं को कई निर्देश और आवश्यक टिप्स दिए. आदित्य साहू ने कार्यकर्ताओं को यह साफ तौर पर कहा कि दुमका की सीट का पूरे झारखंड में काफी महत्व है, इसलिए हर हाल में पार्टी समर्थित उम्मीदवार को जीत दिलाने के लिए कार्य करना है.
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सेवा भाव से जन-जन के पास जाने का काम करती है.
भाजपा सत्ता में रहे या न रहे, लेकिन हमारे कार्यकर्ता प्रत्येक दिन अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध में सड़कों पर उतरकर कार्य करने का काम करते हैं. हमारे कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक के लिए काम करते हैं.
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो एक-एक घर में दस्तक देते हुए उन तक कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का काम किया है.
भाजपा समाज के सभी वर्ग चाहे वे किसान हों, गरीब हों, शोषित हों, वंचित हो सबों की चिंता करती है. हमारे प्रधानमंत्री ने झारखंड में बड़ी-बड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारा है. आदित्स साहू ने कहा कि भाजपा जनता की बदौलत झारखंड में नगर निकाय की 48 सीटों पर जीत दर्ज करेगी.