धनबाद के किडनी हॉस्पिटल के डॉक्टर मिहिर कुमार को जान से मारने की धमकी, ICU वार्ड में दीवार से चिपके पत्र में मिली जान से मारने की धमकी...
Dhanbad: जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक डॉक्टर को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी गई है. मामला नावाडीह इलाके में बिरसा मुंडा पार्क के पास महाकेश्वर कॉम्प्लेक्स का है. जहां संचालित किडनी केयर क्लिनिक के संचालक डॉ मिहिर कुमार को अज्ञात व्यक्ति ने धमकी भरा पत्र भेजा है.
यह पत्र क्लिनिक के ICU के बाहर चिपका हुआ मिला. जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है. डॉ मिहिर की शिकायत पर धनबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
आवेदन को लेकर डॉ मिहिर कुमार ने बताया कि 9 फरवरी की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी क्लिनिक के ICU वार्ड के बाहर यह धमकी भरा पत्र चिपकाया है.
क्लिनिक में कार्यरत कर्मी असलम ने सबसे पहले पत्र देखा और उसकी तस्वीर सोशल मीडिया के जरिए डॉक्टर मिहिर कुमार को भेजी. इसके बाद डॉ. मिहिर तुरंत क्लिनिक पहुंचे और पत्र को दीवार से चिपका पाया.
दीवार पर चिपका धमकी भरे पत्र में लिखा था 'डॉक्टर, तुम्हारी किस्मत अच्छी थी कि उस दिन ग्रुप में होने की वजह से बच गए, नहीं तो गोली मार देता. जिस तरह नीरज की हत्या हुई है, उसी तरह तुम्हारी भी हत्या करूंगा. इसे हल्के में मत लेना.
जितना जीना है जी लो, चार तारीख को मार दूंगा. एसपी या डीएसपी के पास जाओ, तब भी मरना पड़ेगा'. पत्र के नीचे अंग्रेजी में 'KILL' शब्द भी लिखा हुआ था.
इस पत्र को लेकर डॉ मिहिर ने आशंका जताई है कि यह धमकी रंगदारी के इरादे से दी गई है. उन्होंने पुलिस से अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा क्लिनिक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
वहीं सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की जांच पड़ताल में जुटी है.